नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सर्वसम्मति से श्री सोमनाथ मंदिर न्यास का अगला अध्यक्ष चुना गया है। यह न्यास गुजरात के गिर सोमनाथ जिले के प्रभास पाटन नगर में स्थित विश्व प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर का प्रबंधन करता है।
श्री मोदी को श्री सोमनाथ न्यास की वर्चुअल माध्यम से हुई बैठक में अध्यक्ष पद के लिए चुना गया। प्रधानमंत्री भी इस बैठक में मौजूद थे। बैठक में न्यासियों ने न्यास के पूर्व अध्यक्ष दिवंगत केशुभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने आगे के मार्गदर्शन के लिए सर्वसम्मति से प्रधानमंत्री को न्यास का अगला अध्यक्ष चुना।
प्रधानमंत्री ने यह दायित्व स्वीकार किया और सोमनाथ मंदिर न्यासी समूह के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि न्यास बुनियादी ढांचे, आवासीय व्यवस्था, मनोरंजन सुविधाओं को बेहतर बनाने और इस महान विरासत स्थल से तीर्थयात्रियों को जोडने में सक्षम होगा। बैठक में सुविधाओं, वर्तमान गतिविधियों और परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।