मानसून से पहले सुनियोजित तरीके से सफाई पूरी करने के निर्देश, आयुक्त ने किया स्थल निरीक्षण
नागपुर समाचार : महानगरपालिका द्वारा चलाए जा रहे नदी-नाला सफाई अभियान को अधिक प्रभावी बनाने तथा मानसून पूर्व सभी कार्यों को सुनियोजित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश विधायक श्री प्रवीण दटके एवं मनपा आयुक्त डॉ. विपीन ने संबंधित विभागों को दिए। साथ ही नदी-नालों से निकाली जाने वाली गाद एवं मिट्टी के निस्तारण हेतु स्थान निर्धारित करने तथा अभियान को 15 जून तक पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। इसके पश्चात आयुक्त ने शाम को सफाई कार्यों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।
बुधवार (29 अप्रैल) को मध्य नागपुर क्षेत्र में चल रहे नदी-नाला सफाई कार्यों की समीक्षा बैठक विधायक श्री प्रवीण दटके की अध्यक्षता एवं आयुक्त डॉ. विपीन की प्रमुख उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में गांधीबाग-महाल जोन सभापति श्री उमा देशमुख, महिला एवं बालकल्याण विशेष समिति सभापति श्रीमती सारिका नांदुरकर, नगरसेवकगण तथा मनपा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में बैद्यनाथ चौक से जगनाडे चौक तक नदी एवं नालों की सफाई, तथा बजेरिया से हत्ती नाला तक के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। विधायक श्री दटके ने निर्देश दिए कि आगामी डेढ़ माह में मानसून से पूर्व नाग नदी एवं उससे जुड़े सभी नालों की सफाई पूरी की जाए, ताकि वर्षा के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि सफाई के दौरान निकलने वाली मिट्टी एवं गाद के उचित प्रबंधन की व्यवस्था की जाए तथा आवश्यकता अनुसार जेसीबी, पोकलेन एवं अन्य मशीनों का उपयोग किया जाए। साथ ही जलभराव की समस्या को रोकने और नागरिकों को राहत देने के लिए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आयुक्त डॉ. विपीन ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर सीएसआर फंड से मशीनरी उपलब्ध कराई जाएगी तथा वे स्वयं नियमित रूप से कार्यों का निरीक्षण करेंगे। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित सफाई कार्य, सुरक्षा दीवारों की मरम्मत एवं गाद निकासी जैसे मुद्दों को प्राथमिकता से पूर्ण करने की मांग रखी।

आयुक्त डॉ. विपीन ने शाम को धंतोली, गांधीबाग एवं लकड़गंज जोन के अंतर्गत आने वाले नदी-नाला सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बैद्यनाथ चौक, तुलसीबाग चौक, रेशमीबाग चौक, पुराना बगड़गंज एवं कुंभारटोली क्षेत्र में सफाई की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान नागरिकों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
मिट्टी का उपयोग वृक्षारोपण में किया जाएगा
आयुक्त डॉ. विपीन ने निर्देश दिए कि नदी-नालों की सफाई से निकली मिट्टी का उपयोग वृक्षारोपण में किया जाए। इस मिट्टी को सड़कों के डिवाइडरों में लगाए जाने वाले पौधों के लिए उपयोग में लाने के निर्देश भी संबंधित विभाग को दिए गए।




