- Breaking News, IPL 2026, खेलकुद 

IPL समाचार : ईशान किशन और अभिषेक शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी में उड़ा राजस्थान रॉयल्स (RR), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने घर में घुसकर हराया

IPL समाचार :  वैभव सूर्यवंशी के तूफानी शतक के बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन का ताबड़तोड़ अंदाज देखने को मिला। अभिषेक और ईशान के अर्धशतक के दम पर हैदराबाद ने राजस्थान को 5 विकेट से हरा दिया है। वैभव का शतक भी राजस्थान के रजवाड़ों को नहीं बचा सका और पैट कमिंस की अगुवाई वाली टीम ने लगातार चौथी जीत दर्ज कर ली।

राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाए थे। इसके जवाब में हैदराबाद ने लक्ष्य को 18.3 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। एसआरएच के लिए अभिषेक शर्मा और ईशान किशन बल्ले के साथ हीरो बने। तो वहीं सूर्यवंशी ने शतक लगाया लेकिन उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा।

वैभव सूर्यवंशी ने लगाया शतक

वैभव सूर्यवंशी (103) की विस्फोटक बल्लेबाजी का जलवा इस समय हर किसी के सिर चढ़कर बोल रहा है। जयपुर में खेले गए मौजूदा सीजन के अपने पहले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के सामने 229 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 228 रन बनाए। हालांकि टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर यशस्वी जायसवाल सिर्फ 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मोर्चा संभाला और मैदान पर आते ही ताबड़तोड़ अंदाज में रन बरसाने शुरू कर दिए।

उन्होंने हैदराबाद के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए महज 16 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद भी उनका आक्रामक अंदाज जारी रहा और उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों में शानदार शतक जड़ दिया। वैभव ने दूसरे विकेट के लिए ध्रुव जुरैल के साथ 62 गेंदों पर 112 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। ध्रुव जुरेल ने भी 51 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि, रियान पराग एक बार फिर बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके। वे 7 रन बनाकर आउट हो गए।

राजस्थान ने बनाए 228 रन

राजस्थान के लिए वैभव के अलावा डोनोवन फरेरा ने अंत में कुछ अच्छे शॉट्स लगाए और 16 गेंदों पर 33 रनों की तेज तर्रार पारी खेली। हालांकि, अंतिम 5 ओवरों में राजस्थान की टीम ने लय खो दी और मात्र 44 रन बना सकी। इसी वजह से जो स्कोर एक समय पर 250 का दिख रहा था, वो 228 रन पर रह गया।

ईशान किशन और अभिषेक शर्मा का तूफानी अर्धशतक

229 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के लिए उतरी हैदराबाद की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जोफ्रा आर्चर ने ट्रेविस हेड को 6 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। हालांकि, इसके बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच 132 रनों की साझेदारी हुई। अभिषेक ने आईपीएल 2026 में अपना लगातार तीसरा 50 से अधिक का स्कोर बनाया। इससे पहले उन्होंने दिल्ली के खिलाफ शतक लगाया था।

अभिषेक ने मुकाबले में 29 गेंदों का सामना करते हुए 57 रनों की पारी खेली, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा। उन्हें डोनोवन फरेरा ने अपना शिकार बनाया। तो वहीं किशन ने 31 गेदों पर 11 चौके और 3 छक्कों की मदद से 74 रनों की पारी खेली। ये उनका आईपीएल 2026 में तीसरा अर्धशतक है।

हैदराबाद ने जीता मुकाबला

अभिषेक और ईशान के आउट होने के बाद नीतीश कुमार रेड्डी और हेनरिक क्लासेन ने मोर्चा संभाला। रेड्डी ने 36, जबकि क्लासेन ने 29 रनों की पारी खेली। राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर ने 2-2 विकेट हासिल किए। हैदराबाद ने 229 रनों के लक्ष्य को 18.3 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इसी के साथ उन्होंने सीजन की लगातार चौथी जीत हासिल कर ली।