- Breaking News, IPL 2026, खेलकुद 

IPL समाचार : यशस्वी जायसवाल और फरेरा के अर्धशतकों ने रोका पंजाब किंग्स इलेवन पंजाब (PBKS) का विजय रथ, राजस्थान रॉयल्स (RR) ने घर में दी करारी शिकस्त

IPL समाचार : वैभव सूर्यवंशी की तूफानी शुरुआत के बाद यशस्वी जायसवाल के अर्धशतक और डोनावान फरेर-शुभम दुबे की अर्धशतकीय साझेदारी ने पंजाब किंग्स के आईपीएल-2026 में चले आ रहे अजेय क्रम को मंगलवार को उसके ही घर में रोक दिया। पंजाब द्वारा रखे गए 223 रनों के टारगेट को राजस्थान ने 19.2 ओवरों में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। 

राजस्थान से जिस तरह की शुरुआत की उम्मीद थी वैसी ही देखने को मिली। वैभव ने अर्शदीप द्वारा फेंके गए पहले ओवर में 15 रन कूटे। वह यहां रूके नहीं और लगातार तेजी से रन बनाते रहे। बाएं हाथ का ये तूफानी बल्लेबाज अपने अर्धशतक की तरफ जा रहा था तभी अर्शदीप सिंह की एक लो फुलटॉस ने उनके बल्ले को हिला दिया और गेंद हवा में गई। लॉन्ग ऑन पर श्रेयस अय्यर ने उनका कैच लपका। वैभव ने 16 गेंदों पर पांच छक्के और तीन चौकों की मदद से 43 रन बनाए।

वैभव के जाने के बाद भी पंजाब की परेशानियां कम नहीं हुईं। यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल ने रनगति को बनाए रखने की कोशिश की। पावरप्ले के छह ओवरों में राजस्थान ने एक विकेट खोकर 84 रन बना लिए थे। हालांकि, युजवेंद्र चहल ने जुरेल की पारी जल्दी खत्म कर दी। 10वें ओवर की चौथी गेंद पर जुरेल 16 रन बनाकर आउट हो गए।

अर्धशतक के बाद यशस्वी आउट

यशस्वी विकेट पर टिके थे। उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर चहल का शिकार बन गए। चहल ने 12वें ओवर की दूसरी गेंद पर उन्हें प्रियांश के हाथों कैच कराया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 27 गेंदों पर सात चौके और एक छक्के की मदद से 51 रनों की पारी खेली।

चहल ने राजस्थान के कप्तान रियान पराग को भी अपने जाल में फंसा लिया जो आज लय में नजर आ रहे थे। पराग ने कुछ अच्छे शॉट्स लगाए। वह 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर एक और बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में सूर्यांस शेडगे के हाथों लपके गए। पराग ने 16 गेंदों पर 29 रन बनाए। अपनी पारी में पराग ने दो चौके और इतने ही छक्के मारे।

फरेरा और दुबे ने जगाई उम्मीद

राजस्थान ने फिर अपने इम्पैक्ट प्लेयर का इस्तेमाल किया। उसने शुभम दुबे को इम्पैक्ट प्लेयर बनाया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की और इसमें डोनोवान फरेरा ने उनका साथ दिया। दोनों ने तेजी से रन बनाने शुरू किए और टीम को जीत के करीब ले जाने लगे। तीन ओवरों में राजस्थान को 35 रनों की जरूरत थी। 18वां ओवर फेंकने आए अर्शदीप के इस ओवर में फरेरा एक छक्का और एक चौका मारा। वहीं दुबे ने आखिरी गेंद पर छक्का मार राजस्थान को मैच में वापस ला दिया। इस ओवर में कुल 17 रन आए।

12 गेंदों पर अब राजस्थान को 18 रन चाहिए थे। राजस्थान ने 19वें ओवर में 16 रन बना लिए। आखिरी ओवर में उसे दो रन चाहिए थो जो आसानी से बन गए।

पंजाब की दमदार बल्लेबाजी

इससे पहले, शीर्ष क्रम की बदौलत लगातार मुकाबले जीत रही पंजाब किंग्स की टीम ने मुल्लांपुर के मैदान में दिखा दिया कि उनके पास मजबूत मध्यक्रम भी है। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस (62) ने अंतिम ओवरों में तूफानी पारी खेलते हुए पंजाब को 200 रन के पार पहुंचाया। स्टोइनिस ने केवल 20 गेंद में अर्धशतक लगाया, जिसमें छह छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी के दम पर पंजाब ने चार विकेट पर 222 रन का स्कोर खड़ा किया।

पंजाब ने इस आईपीएल सीजन आठ मैचों में पांचवीं बार 200 से अधिक रन बनाए हैं। एक समय पंजाब का स्कोर 17 ओवरों में 167 रन था, लेकिन अंतिम तीन ओवर में टीम ने 55 रन बना डाले जिनमें 51 रन तो स्टोइनिस के बल्ले से ही निकले। पंजाब के बल्लेबाजों ने 18वें ओवर में बर्गर को 14, आर्चर को 17 और आखिरी ओवर में बृजेश शर्मा को 24 रन जड़े।

पंजाब का पावरप्ले में अटैक

इससे पहले राजस्थान रायल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया। प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन ने इस मैच में भी पावरप्ले में जबरदस्त अटैक किया। प्रियांश आर्या ने मैच के दूसरे ही ओवर में नांद्रे बर्गर को 21 रन जड़ दिए। हालांकि अगले ओवर में जोफ्रा आर्चर को अपना विकेट दे बैठे। प्रियांश ने महज 11 गेंदों में पांच चौकों व एक छक्के की मदद से 29 रन बनाए।

तीसरे ओवर में प्रियांश का विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी पर आए कूपर कोनोली ने प्रभसिमरन सिंह के साथ पारी को संभाला और तेजी से रन भी बनाए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 33 गेंदों में 59 रनों की साझेदारी की। इस बीच प्रभसिमरन ने एक और अर्धशतक जड़ दिया।

कोनोली के आउट होने के बाद बल्लेबाजी पर आए कप्तान श्रेयस अय्यर ने 27 गेंदों में 30 रन बनाए। आखिरी में मार्कस स्टोइनिस ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

महंगे साबित हुए बर्गर

बाएं हाथ के अफ्रीकी तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर एक बार फिर काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने इस मैच में चार ओवरों में 59 रन दिए और एक भी लिया। पिछले दो मैचों में बर्गर ने खूब रन लुटाए हैं। पिछले दो मैचों में बर्गर ने 7.3 ओवर गेंदबाजी की और 14.53 की इकोनॉमी के साथ 109 रन दिए हैं। वहीं, आर्चर शुरुआत में कुछ असरदार जरूर दिखे लेकिन आखिरी में उन्होंने भी खूब रन दिए।