- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपूर समाचार : धीरेंद्र शास्त्री का बड़ा बयान, कहा-‘4 बच्चे पैदा करें, एक RSS को दें, कॉर्पोरेट जिहाद को लेकर गोविंददेव गिरी ने दी तीखी चेतावनी

नागपुर समाचार : बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने बयानों को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं। शुक्रवार को नागपुर में ‘डॉ. आबाजी थत्ते सेवा और अनुसंधान संस्था’ द्वारा निर्मित होने वाले ‘भारतदुर्गा मंदिर’ के शिलान्यास समारोह के दौरान उन्होंने हिंदुओं से अपनी जनसंख्या बढ़ाने का आह्वान किया। 

अखंड भारत’ और जनसंख्या पर जोर

धीरेंद्र शास्त्री ने कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि अगर हिंदू अपनी जनसंख्या के प्रति सचेत नहीं हुए, तो भविष्य में अस्तित्व का संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि “जिस दिन भारतदुर्गा मंदिर का निर्माण पूर्ण हो जाएगा, भारत अखंड होने की दिशा में बढ़ेगा।”

शास्त्री ने कहा कि, “देश और धर्म की रक्षा के लिए हिंदुओं को कम से कम चार बच्चे पैदा करने चाहिए और उनमें से एक बच्चा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को समर्पित करना चाहिए।”

इस दौरान उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज और समर्थ रामदास स्वामी के गुरु-शिष्य संबंधों का उदाहरण देते हुए राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। गौरतलब है कि हाल के दिनों में सरसंघचालक मोहन भागवत समेत कई हिंदुत्ववादी नेता जनसंख्या संतुलन को लेकर इसी तरह की चिंताएं जता चुके हैं।

‘लव जिहाद’ और ‘कॉर्पोरेट जगत’ पर प्रहार

इसी कार्यक्रम में मौजूद गोविंददेव गिरीजी महाराज ने भी अत्यंत आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने समाज को चेतावनी देते हुए कहा कि अब केवल शांत बैठने से काम नहीं चलेगा, बल्कि उग्र भूमिका लेने का समय आ चुका है। नाशिक सहित देश के अन्य हिस्से से सामने आये कॉर्पोरेट जिहाद पर प्रहार करते हुए कहा, “कॉर्पोरेट वर्ल्ड में जो भीषण वासनाकांड चल रहा है, उसे देखकर अगर किसी को गुस्सा नहीं आता, तो उसे सोचना चाहिए कि वह इंसान है या मुर्दा।”

उन्होंने ‘लव जिहाद’ के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि हमारी माताओं-बहनों की दुर्दशा पर समाज को आत्ममंथन करने की जरूरत है। अगर अपनी संस्कृति, भाषा और परंपराओं पर हो रहे हमलों के खिलाफ आप नहीं जागे, तो भविष्य अंधकारमय होगा।