- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपूर समाचार : भावनाओं के बीच प्राचार्या डॉ. मीनल सांगोले को दी गई गरिमामय विदाई

शिक्षकों की नम आंखें, यादगार पल; मिलनसार व्यक्तित्व को मिली सराहना

नागपुर समाचार : शंकरनगर स्थित स्व. गो. मो. खोडे मूक एवं बधिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्या डॉ. मीनल सुधीर सांगोले के सेवानिवृत्ति उपलक्ष्य में एक भावनात्मक और गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने उन्हें स्नेहपूर्वक विदाई देते हुए उनके साथ बिताए गए सुनहरे पलों को याद किया।

कार्यक्रम के दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया, जब शिक्षक-शिक्षिकाओं ने डॉ. सांगोले के साथ अपने अनुभव साझा किए। कई शिक्षकों की आंखें नम हो गईं। सभी ने एक स्वर में कहा कि उनका नेतृत्व अनुशासन, संवेदनशीलता और प्रेरणा का अद्भुत संगम रहा। उन्होंने विद्यालय को हमेशा एक परिवार की तरह संभाला और हर शिक्षक व विद्यार्थी के साथ आत्मीय संबंध बनाए।

अपने उद्बोधन में डॉ. सांगोले ने विद्यालय को अपना “दूसरा घर” बताते हुए कहा कि यहां के विद्यार्थियों और सहकर्मियों के साथ उनका रिश्ता जीवनभर बना रहेगा। उन्होंने सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वरिष्ठ पत्रकार श्रीमती ज्योति द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. सांगोले का मिलनसार और सकारात्मक व्यक्तित्व ही उनकी सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने कहा कि उनके अनुभव और कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। साथ ही उनके स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की।

समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, जिनमें प्रीती आकाश भगत, रुपम गोपाल नगरकर, ज्योती राहुल बोंद्रे, आकांक्षा सौरभ गडवे, कपिल वासे, शैलेश बोरकर, उत्तरा पटवर्धन एवं अश्विनी जिपकाटे सहित अन्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन भावुक माहौल में हुआ, जहां विदाई के साथ-साथ सम्मान, स्नेह और यादों की अनमोल छाप सभी के दिलों में बस गई।