- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : एकनाथ शिंदे कच्चे खिलाड़ी नहीं; मनीषा कायंदे का विरोधियो पर पलटवार, कहा- देंगे जैसे को तैसा जवाब

नागपुर समाचार : अशोक खरात मामले में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित शिवसेना नेताओं के नाम सामने आने के बाद सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई है कि क्या जानबूझकर शिंदे और शिवसेना को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। वहीं इन आरोपों पर शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने पलटवार करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री शिंदे कोई कच्चे खिलाड़ी नहीं हैं और जो भी दबाने की कोशिश करेगा, उसे उसी भाषा में जवाब दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने खरात को कड़ी सजा देने की मांग की और अंजलि दमानिया द्वारा जारी सीडीआर को लेकर पुलिस व मुख्यमंत्री कार्यालय से स्पष्टीकरण भी मांगा है।

अशोक खरात से बातचीत और फ़ोन को लेकर अंजलि दमानिया द्वारा जारी सीडीआर और शिवसेना नेताओं के आरहे नामों पर पूछे सवाल पर जवाब देते हुए विधायक कायंदे ने कहा, “कई बार लोग मिलते रहते हैं, फोन पर भी बातचीत होती होगी, लेकिन इन अपराधों में कौन-कौन शामिल है इसकी जांच जरूरी है। महिलाओं के साथ छेड़छाड़ कर अन्याय किया गया है, ऐसे में खरात को बिल्कुल भी नहीं छोड़ा जाना चाहिए। हमने इस मुद्दे को विधानसभा के अंदर और बाहर दोनों जगह उठाया है। खरात द्वारा किए गए हर अपराध के लिए अलग-अलग सख्त सजा मिलनी चाहिए।

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को मामले में फंसाया जाने के सवाल पर शिवसेना उपनेता ने कहा, “अगर कोई एकनाथ शिंदे को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा है, तो यह समझ ले कि वे कोई कच्चे खिलाड़ी नहीं हैं। यदि कोई ऐसा प्रयास कर रहा है, तो हम उसे करारा जवाब देंगे।” वहीं जारी सीडीआर के सवाल पर कायंदे ने कहा, “इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री कार्यालय को जवाब देना चाहिए। साथ ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, कमिश्नर और डीजी स्तर के अधिकारियों को भी इस पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।”