नागपूर समाचार : पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि सरकार नागपुर जिले के विकास के लिए प्रतिबद्ध है. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में नागपुर और विदर्भ को कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं मिली हैं. साथ ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के बजट में विकास के लिए बड़ी निधि उपलब्ध कराई है।
रामटेक के पर्यटन विकास को नई चमक देने और स्थानीय रोजगार बढ़ाने के लिए नवरगांव, रामटेक में राज्य की एक भव्य फिल्म सिटी विकसित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है. नागपुर को एक शक्तिशाली ‘ग्रोथ हब’ के रूप में विकसित किया जा रहा है।
‘न्यू नागपुर ट्रेड एंड फाइनेंशियल सेंटर’ स्थापित करने का निर्णय भी लिया गया है, जिससे विकास को नई दिशा मिलेगी. वे महाराष्ट्र राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विभागीय आयुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित मुख्य शासकीय ध्वजारोहण समारोह में बोल रहे थे।
इस अवसर पर महापौर नीता ठाकरे, विभागीय आयुक्त विजयालक्ष्मी बिदरी, शहर पुलिस आयुक्त रवींद्र कुमार सिंगल, विशेष पुलिस महानिरीक्षक संदीप पाटिल, मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर, एनआईटी चेयरमैन संजय मीणा, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद, जेडपी सीईओ विनायक महामुनि, एसपी हर्ष पोद्दार सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी, नागरिक और स्वतंत्रता सेनानी उपस्थित थे।




