- Breaking News

महाराष्ट्र में कोरोना / एक दिन में रिकॉर्ड 97 लोगों की मौत, पिछले 8 दिनों में 543 लोगों ने दम तोड़ा, राज्य की मृत्यु दर 3.22%

 

◆ राज्य में एक हजार से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित हो चुके हैं।

◆ महाराष्ट्र से ज्यादा पश्चिम बंगाल, मेघालय, गुजरात और मध्य प्रदेश में मृत्यु दर है

◆ मुंबई में अब तक कोरोना संक्रमण से 1064 लोगों की जान जा चुकी है

मुंबई : महाराष्ट्र में कोरोना का कहर तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को राज्य में 97 लोगों की मौत हुई है। यह एक दिन में संक्रमण से होने वाली मौत का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसी के साथ राज्य में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 1792 तक पहुंच गया है। वहीं मंगलवार को 2091 नए मामलों के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 54,758 तक पहुंच गई है। हालांकि, इसमें से 36,004 एक्टिव केस हैं।

◆ सबसे ज्यादा मुंबई में
मंगलवार को मौतें मुंबई में हुई। यहां 39 लोगों की जान गई। इसके अलावा, ठाणे में 15, कल्याण में 10, पुणे में 8, सोलापुर में 7, औरंगाबाद और मीरा भायंदर में 5-5, मालेगांव और उल्हासनगर में 3-3, नागपुर, रत्नागिरी से 1-1 मरीज की मौत हुई। मृतकों में 63 पुरुष और 34 महिलाएं शामिल हैं। इसमें 67% मरीजों में डायबिटीज, हाई ब्लडप्रेशर और ह्रदयरोग जैसी समस्याएं थीं।

◆ राज्य में 14 दिन में डबल हो रहे हैं केस

महाराष्ट्र के चीफ सेक्रेटरी अजोय मेहता ने बताया कि राज्य में 70-80 प्रतिशत कोरोना केस ऐसे हैं जो एसिम्प्टमैटिक हैं। यानि, उनमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं है। वहीं, कोरोना संक्रमितों का डबलिंग रेट 14 दिन का हो गया है। पहले कोरोना मरीजों की संख्या 3 दिन में दुगनी हो जाती थी। उन्होंने बताया कि शुरुआत में राज्य में दो ही टेस्टिंग लैब थी। एक केंद्र और एक राज्य सरकार की। लेकिन अब राज्य में 72 लैब में कोरोना की टेस्टिंग की जा रही है। आने वाले महीने में लैब की संख्या 100 तक होगी।

◆ एक हजार से स्वास्थ्यकर्मी भी हुए कोरोना संक्रमित

राज्य में अब तक 1 हजार हेल्थकेयर वर्कर कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। 351 गवर्मेंट और प्राइवेट हॉस्पिटल के आंकड़ों की जांच से पता चला है कि राज्य में 980 डॉक्टर्स, नर्स, लैब असिस्टेंट, वार्ड बॉय, एम्बुलेंस ड्राइवर, हॉस्पिटल सफाईकर्मी और पैरामेडिकल स्टाफ इससे संक्रमित हुए हैं।

◆ टास्क फोर्स के डॉक्टर कर रहे मदद

मुंबई में गंभीर संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए डॉक्टरों की टास्क फोर्स बनाई गई है। इसमें कुल 11 डॉक्टर्स हैं। यह 11 डॉक्टरों की टीम 24 घंटे राज्य के सभी डॉक्टरों को गाइड करने के लिए उपलब्ध है। क्रिटिकल केस में राज्य के अन्य डॉक्टर इस टास्क फोर्स के डॉक्टरों की सलाह ले रहे हैं।

◆ राज्य के 59.3% मृतक सिर्फ मुंबई से मुंबई में मरने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। यहां अब तक 1064 लोगों की जान जा चुकी है। अगर सोमवार तक के आंकड़ों की बात की जाए तो राज्य की 59.3% मौतें सिर्फ मुंबई में ही हुईं हैं। वहीं, यहां संक्रमितों का आंकड़ा भी बढ़कर 32,972 तक पहुंच गया है। महाराष्ट्र के कुल संक्रमितों में से 60.2% संक्रमित सिर्फ मुंबई से ही हैं। वहीं देश से अगर मुंबई की तुलना करें तो मुंबई देश में संक्रमण से हुई कुल मौतों का 25% मौत सिर्फ मुंबई में हुई है। पिछले 8 दिन में राज्य में हुई 543 मौतें

◆ देश में 2.87% और महाराष्ट्र में 3.22% है मृत्यु दर

महाराष्ट्र सरकार की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य में मृत्यु दर 3.22% है। वहीं, महाराष्ट्र से ज्यादा पश्चिम बंगाल, मेघालय, गुजरात और मध्य प्रदेश में क्रमशः 7.29, 7.14, 6.14 और 4.37 प्रतिशत मृत्यु दर है। वहीं, सबसे कम बिहार में यह सिर्फ 0.48 प्रतिशत है। वहीं, देश की कुल मृत्यु दर 2.87% है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *