केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में अमीर खान, नाना पाटेकर और मकरंद अनासपूरे रहेंगे विशेष रूप से उपस्थित
नागपुर समाचार : पिछले 25 वर्षों से जलसंरक्षण और सिंचन के क्षेत्र में कार्यरत पूर्ती सिंचन समृद्धी कल्याणकारी संस्था अपने रजत महोत्सव वर्ष के उपलक्ष्य में 17 और 18 मई 2026 को दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रमों का आयोजन करने जा रही है। संस्था द्वारा विकसित “तामसवाडा मॉडल” को आज देशभर में जलसंरक्षण के सफल प्रयोग के रूप में पहचान मिली है। इसी उपलब्धि को केंद्र में रखते हुए नागपुर में ‘नागपुर जलसंवाद-2026’ तथा ‘जलक्रांति परिषद’ आयोजित की जाएगी।
17 मई को सिविल लाइंस स्थित डॉ. वसंतराव देशपांडे सभागृह में ‘नागपुर जलसंवाद-2026’ का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम का मुख्य विषय “शेतकरी आत्महत्यामुक्त विदर्भ के लिए जलसंरक्षण एक उपाय” रखा गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी करेंगे। इस अवसर पर पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, पद्मश्री उमाशंकर पांडे, पद्मश्री सेठपाल सिंह सहित देशभर के जल विशेषज्ञ और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में विदर्भ की सिंचन समस्या, जलसंकट और किसानों को आर्थिक स्थिरता प्रदान करने के उपायों पर व्यापक चर्चा होगी।
18 मई को रेशीमबाग स्थित कविवर्य सुरेश भट सभागृह में ‘जलक्रांति परिषद’ आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम में अमीर खान, नाना पाटेकर और मकरंद अनासपूरे विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। साथ ही राज्य के मृदा एवं जलसंरक्षण मंत्री संजय राठोड, कृषि एवं शिक्षण क्षेत्र के कई वरिष्ठ विशेषज्ञ भी भाग लेंगे। कार्यक्रम में जलसंरक्षण, भूजल पुनर्भरण तथा किसानों के कल्याण से जुड़े विषयों पर मंथन होगा। इस अवसर पर ‘जलपर्व’, ‘जलक्रांति’, ‘कृषिकल्याण’ और ‘कॉरिडॉर्स ऑफ वॉटर सिक्योरिटी’ पुस्तकों का विमोचन भी किया जाएगा।




