- Breaking News, IPL 2026, खेलकुद 

IPL समाचार : गुजरात टायटन (GT) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को 77 रन से हराया, राशिद और होल्डर की घातक गेंदबाजी, सीजन की 7वीं जीत, राजस्थान घर पर जीत को तरसी

IPL समाचार : गुजरात टाइटंस ने शुभमन गिल और साई सुदर्शन के अर्धशतक के बाद राशिद खान के 4 विकेट के दम पर राजस्थान को 77 रनों से मात दी है। राजस्थान जयपुर में पूरे सीजन संघर्ष करती दिखी है और वे अब तक एक भी मुकाबला नहीं जीत सके हैं। आरआर के लिए मैच में यशस्वी जायसवाल ने कप्तानी की क्योंकि रियान पराग चोट की वजह से मुकाबला नहीं खेल सके। 

शुभमन गिल और साई सुदर्शन की आक्रामक शुरुआत

मुकाबले में राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन गुजरात के प्रारंभिक बल्लेबाजों ने इस फैसले को पूरी तरह गलत साबित कर दिया। कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाते हुए टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए राजस्थान के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।

गुजरात ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर 229 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और राजस्थान को जीत के लिए 230 रन का कठिन लक्ष्य दिया। साई सुदर्शन ने 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 55 रन की अहम पारी खेली। मौजूदा आईपीएल में यह उनका चौथा अर्धशतक रहा। इससे पहले वह पंजाब किंग्स, चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान के विरुद्ध भी अर्धशतकीय पारियां खेल चुके हैं। दूसरी ओर, शुभमन गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए 84 रन बनाए। उन्होंने भी मात्र 30 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। यह इस सीजन में उनका चौथा अर्धशतक रहा।

सुदर्शन और गिल ने नौवीं बार की शतकीय साझेदारी

कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 82 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। आईपीएल इतिहास में यह दूसरी बार है, जब गुजरात ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 82 रन बनाए हैं। इससे पहले टीम ने 2025 में अहमदाबाद में सनराइजर्स हैदराबाद के विरुद्ध भी ऐसा ही प्रदर्शन किया था। शुभमन गिल और साई सुदर्शन की जोड़ी ने इस मैच में एक और खास उपलब्धि अपने नाम की। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 66 गेंदों में 118 रन की साझेदारी की।

आईपीएल में यह नौवीं बार है जब दोनों ने गुजरात के लिए शतकीय साझेदारी निभाई है। इस मामले में वे अब विराट कोहली और एबी डिविलियर्स की जोड़ी के करीब पहुंच गए हैं, जिन्होंने आरसीबी के लिए 10 बार शतकीय साझेदारी की थी। वहीं, कोहली और क्रिस गेल ने भी आरसीबी के लिए नौ बार यह उपलब्धि हासिल की थी।

आर्चर के नाम दर्ज हुआ दिलचस्प रिकॉर्ड

इस मुकाबले में एक दिलचस्प रिकॉर्ड भी देखने को मिला। तेज गेंदबाज जोफ्रा ने पारी का पहला ओवर फेंकते हुए उसे पूरा करने के लिए 11 गेंदों का इस्तेमाल किया। वह आईपीएल में ऐसा करने वाले सातवें गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले मोहम्मद सिराज, तुषार देशपांडे, शार्दुल ठाकुर, संदीप शर्मा, हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह समेत कई गेंदबाज 11 गेंदों का ओवर डाल चुके हैं।

वैभव सूर्यवंशी ने भी बनाया रिकॉर्ड

गुजरात के 230 रनों के विशाल स्कोर के सामने वैभव ने अपने चिर-परिचित अंदाज में शुरुआत की। उन्होंने अपनी पारी की पहली बॉल पर ही छक्का लगाया। इसी के सूर्यवंशी ने कायरन पोलार्ड को पीछे छोड़ दिया है। पोलार्ड ने 843 गेंदों पर टी20 क्रिकेट में 100 छक्के लगाए थे और अब सूर्यवंशी ने 514 गेंदों पर ये कारनामा किया। वैभव बड़ी पारी नहीं खेल सके और 16 गेंदों पर 36 रन बनाकर आउट हो गए।

राशिद खान ने लगाया ‘चौका’

सूर्यवंशी के आउट होने के बाद राजस्थान का लगातार विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। स्पिनर राशिद खान ने कमाल की गेंदबाजी की और राजस्थान को एक ही ओवर में दो झटके दे दिए। राशिद 8वें ओवर में गेंदबाजी करने के लिए आए और तीसरी गेंद पर उन्होंने आक्रामक खेल रहे ध्रुव जुरेल को मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया। इसके बाद इस सीजन कमाल की फॉर्म में चल रहे डोनावन फरेरा को भी उसी ओवर में आउट कर दिया। खान यहीं नहीं रूके और उन्होंने गेंदबाजी से चौका लगाया और 4 विकेट हासिल किए।

राजस्थान का मिडिल ऑर्डर एक बार फिर फ्लॉप

आरआर के लिए पूरे सीजन सबसे बड़ी समस्या उनका मध्य क्रम रहा है। जीटी के खिलाफ भी उनकी यही परेशानी सामने आई। टीम आक्रामक शुरुआत की लेकिन पहला विकेट गिरते ही टीम बिखर गई। सूर्यवंशी (36), ध्रुव जुरेल (24), शिमरन हेटमायर (6), रवींद्र जडेजा (38) और डोनावन फरेरा (4) रन बनाकर आउट हो गए। इसी के साथ उनका मिडिल ऑर्डर इस मुकाबले मे भी फ्लॉप रहा।

गुजरात ने जीता मुकाबला

मैच में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 229 रनों का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में राजस्थान की टीम 152 रनों पर ऑलआउट हो गई। इसी के साथ गुजरात ने 77 रनों से जीत हासिल की है। गुजरात की ये सीजन की 7वीं जीत है और जीटी ने टॉप-4 में एंट्री मार ली है। गुजरात ने अंक तालिका में पंजाब और बेंगलुरु को पीछे छोड़ते हुए दूसरे स्थान पर पहुंच गई है