नागपुर समाचार : नागपुर शहर के मानकापुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में कार्यरत ‘यूनिवर्सल मल्टीपर्पज सोसायटी’ (जिसे ‘फिकर फाउंडेशन’ एवं ‘पढ़े हम पढ़ाए हम’ के नाम से भी जाना जाता है) से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें संस्थान में कार्यरत कुछ युवतियों पर धार्मिक आचरण से संबंधित दबाव डाले जाने के आरोप लगाए गए हैं।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी के मार्गदर्शन में तथा युवा मोर्चा अध्यक्ष सचिन करारे के नेतृत्व में पुलिस उपायुक्त श्री नवीनचंद्र रेड्डी से मुलाकात कर उन्हें विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पूरे प्रकरण की गहन और तकनीकी जांच की मांग करते हुए इसमें किसी संगठित नेटवर्क या षड्यंत्र की संभावना जताई गई है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि इस मामले में शामिल सभी संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही संबंधित संस्था के आर्थिक स्रोतों, बैंक खातों और फंडिंग की भी जांच की जाए, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।
महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रतिनिधिमंडल ने नागपुर शहर में ‘दामिनी पथक’ जैसी विशेष इकाई गठित करने, एक महिला अधिकारी के नेतृत्व में विशेष सेल बनाने तथा पीड़ित युवतियों के लिए अलग से टोल-फ्री हेल्पलाइन शुरू करने की मांग की। साथ ही शिकायत करने वाली युवतियों एवं उनके परिवारों को पूर्ण पुलिस सुरक्षा देने की भी मांग की गई।
पुलिस उपायुक्त श्री नवीनचंद्र रेड्डी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी संस्था के नाम पर अवैध या दबावपूर्ण गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।




