अजनी स्टेशन से सवार हुई महिला बनी शिकार, जेवरात, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हुआ चोर
नागपुर समाचार : देश की सबसे आधुनिक और सुरक्षित मानी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में लाखों रुपए की चोरी का मामला सामने आने से रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। नागपुर के अजनी रेलवे स्टेशन से पुणे के लिए यात्रा कर रही एक महिला यात्री का पर्स चोरी हो गया, जिसमें सोने-हीरे के आभूषण, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 20 लाख 75 हजार 500 रुपए बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुणे निवासी अंजलि अजय मुधालकर (67) 10 जून को ट्रेन क्रमांक 26102 वंदे भारत एक्सप्रेस के सी-4 कोच में सीट नंबर 29 पर यात्रा कर रही थीं। वह अजनी रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई थीं। यात्रा के दौरान किसी अज्ञात चोर ने उनके बैग में रखा पर्स चोरी कर लिया।
महिला यात्री के अनुसार पर्स में 8 हजार रुपए नकद, पहचान पत्र, सोने के टॉप्स, नेकलेस, सोने की चेन, डायमंड पेंडेंट, सोने का मंगलसूत्र सहित अन्य कीमती आभूषण रखे हुए थे। कुछ समय बाद जब उन्होंने अपना बैग जांचा तो पर्स गायब मिला। पर्स चोरी होने का पता चलते ही उन्होंने रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कंट्रोल रूम सक्रिय हो गया। वंदे भारत जैसी हाई-प्रोफाइल ट्रेन में लाखों रुपए की चोरी की सूचना से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) में हड़कंप मच गया।
ट्रेन के वर्धा स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ जवानों ने महिला यात्री से पूछताछ कर घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई। इसके बाद मामले की शिकायत जीआरपी में दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रेलवे अधिकारियों द्वारा ट्रेन और विभिन्न स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि चोरी की वारदात ट्रेन में हुई या किसी स्टेशन पर आरोपी ने पर्स पर हाथ साफ किया।
इस घटना ने रेलवे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेष रूप से वंदे भारत जैसी अत्याधुनिक ट्रेन में इतनी बड़ी चोरी होना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गया है।
जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह
रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने कीमती सामान, बैग और दस्तावेजों पर विशेष नजर रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) या जीआरपी को दें, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।




