- Breaking News, खेलकुद 

खेल समाचार : विश्व कप के अपने पहले मैच में भारत ने पाकिस्तान को 64 रनों से रौंदा, दीप्ति शर्मा ने खोला पंजा, ऋचा ने मचाया तूफान

खेल समाचार : उपकप्तान स्मृति मंधाना (68) की शानदार अर्धशतकीय पारी और रिचा घोष (34) की विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद दीप्ति शर्मा के 5 विकेट की बदौलत भारतीय महिला टीम ने रविवार को विमंस टी-20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 64 रन से हराया।

विश्‍व कप में पाकिस्‍ता के खिलाफ भारत की यह सबसे बड़ी जीत है। पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने छह विकेट पर 170 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्‍तान टीम 17 ओवर में 106 रन पर ढेर हो गई।

शेफाली ने छक्‍के से की शुरुआत

बर्मिंघम के एजबेस्टन में टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शेफाली वर्मा ने पहली ही गेंद पर छक्का लगाया, लेकिन उसी ओवर में छह रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स भी सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।

18 रन पर दो विकेट गिरने के बाद भारतीय टीम दबाव में नजर आ रही थी। ऐसे मुश्किल समय में स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 91 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

मंधाना ने लगाई फिफ्टी

पावरप्ले के बाद दोनों बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का शानदार संतुलन दिखाया। मंधाना ने अपनी खूबसूरत बल्लेबाजी से दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने 44 गेंदों में 68 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे। उन्होंने सिर्फ 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। पाकिस्तान ने उन्हें दो जीवनदान भी दिए और मंधाना ने इसका पूरा फायदा उठाया।

हरमनप्रीत ने दिया साथ

हरमनप्रीत ने 35 गेंदों में 36 रन की धीमी लेकिन उपयोगी पारी खेली। हालांकि दोनों के आउट होने के बाद भारत की पारी थोड़ी लड़खड़ा गई। भारती फुलमाली बिना खाता खोले आउट हो गईं और कप्तान हरमनप्रीत भी ज्यादा देर टिक नहीं सकीं।

अंतिम ओवरों में विकेट कीपर बल्लेबाज रिचा घोष ने मैच का रुख बदल दिया। ऋचा ने सिर्फ 17 गेंदों में 34 रन ठोक दिए। खासकर पारी के 19वें ओवर में बाएं हाथ की तेज गेंदबाज तास्मिया रुबाब के खिलाफ 23 रन बटोरकर उन्होंने भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। भारत ने अंतिम दो ओवरों में 38 रन जोड़े। 

दीप्ति ने कराई भारत की वापसी

171 रन चेज करने उतरी पाकिस्‍तान टीम की शुरुआत शानदार रही। इस दौरान भारतीय टीम ने कुछ कैच भी छोड़े। गुल फिरोजा और मुनीबा अली सिद्दीकी के बीच 38 रन की ओपनिंग साझेदारी हुई। इसके बाद दीप्ति शर्मा ने पाकिस्‍तान को 2 झटके दिए। 5वें ओवर में उन्‍होंने गुल (12) को और 7वें ओवर में आयशा जफर (12) को पवेलियन भेजा। अगले ही ओवर में श्रीचरणी ने सायरा जबीन (2) का शिकार किया।

विमंस क्रिकेट में सर्वाधिक इंटरनेशनल विकेट

  • 355 – झूलन गोस्वामी (IND)
  • 355* – दीप्ति शर्मा (IND)
  • 335 – कैथरीन साइवर-ब्रंट (ENG)
  • 332 – एलिस पैरी (AUS)
  • 327 – सोफी एक्लेस्टोन (ENG)
  • 318 – शबनीम इस्माइल (SA)

फिफ्टी की ओर बढ़ रहीं सलामी बल्‍लेबाज मुनीबा अली (41) की पारी पर भी दीप्ति शर्मा ने ब्रेक लगाया। शानदार थ्रो पर दीप्ति ने मुनीबा को रन आउट किया। कप्‍तान फातिमा सना का तो खाता ही नहीं खुला। नतालिया परवेज (7) और रमीन शमीम (4) भी सस्‍ते में आउट हुईं।

17वें ओवर में दीप्ति शर्मा ने पाकिस्‍तान को 3 झटके देकर पंजा खोला। उन्‍होंने दूसरी गेंद पर आलिया रियाज, चौथी गेंद पर तस्मिया रुबाब और आखिरी गेंद पर नशरा सुन्धु का शिकार किया। दीप्ति ने 4 ओवर में 10 रन देकर 5 सफलताएं प्राप्‍त कीं। श्रीचरणी के खाते में 3 विकेट आए।