- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपूर समाचार : ताजबाग ट्रस्ट की ८४ एकड़ ज़मीन पर मनपा प्रशासन की कार्रवाई

नागपुर समाचार : हजरत बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह की दरगाह के अधीन ताजबाग परिसर स्थित ताजबाग ट्रस्ट की ८४ एकड़ जमीन को लेकर विवाद गहरा गया है। ट्रस्ट ने इस जमीन पर नागपुर महानगरपालिका प्रशासन द्वारा शुरू की गई मालकी हक के पट्टे वितरण की प्रक्रिया पर तीखी आपत्ति जताई है, और इसे नियमों के विरुद्ध बताया है।

हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट के सचिव ताज अहमद राजा ने आपत्ति जताते हुए कहा किमनपा प्रशासन की कार्रवाई सीधे तौर पर निजी संपत्ति के नियम का उल्लंघन है। ट्रस्ट का साफ कहना है कि यह ८४ एकड़ जमीन हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट की निजी संपत्ति है और बिना किसी कानूनी आधार के कॉर्पोरेशन का इसमें हस्तक्षेप करना पूरी तरह से अनुचित है।

उन्होंने कहा की ताजबाग की ८४ एकड़ जमीन पर राज्य सरकार की निधि से दूसरे चरण में सौन्दयीकरण का काम भी मंजूर हुआ है। हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट के सचिव ताज अहमद राजा ने कहा कि मनपा द्वारा ट्रस्ट की जमीन पर पट्टे वाटप करने की प्रक्रिया एकतरफा है। इसे लेकर ताजबाग के लोगों को गुमराह किया गया है। ट्रस्ट के सचिव ने आरोप लगाया कि प्रशासन ट्रस्ट की जानकारी या अनुमति के बिना ही जमीन पर पट्टे बांटने की तैयारी कर रहा है, जो कि कारपोरेशन की मनमानी को दर्शाता है।

ट्रस्ट के सचिव ने तर्क दिया है कि जिस तरह से मनपा प्रशासन स्लम विभाग के साथ मिलकर काम कर रहा है, वह कानूनी रूप से सही नहीं है। जबकि यह मामला पूरी तरह से ट्रस्ट के अधिकार क्षेत्र में आता है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट ने अपनी संपत्ति की रक्षा के लिए इस पूरी प्रक्रिया को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। जिसके बाद कोर्ट ने प्रशासन को प्रक्रिया को अंतिम रूप न देने के निर्देश भी दिए हैं ताजबाग ट्रस्ट ने प्रशासन से स्पष्ट मांग की है कि इस जमीन पर की जा रही किसी भी प्रकार की गतिविधियों को तुरंत प्रभाव से रोका जाए।

ट्रस्ट ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि वे बिना ट्रस्ट के समन्वय के कोई भी एकतरफा निर्णय न लें। एमआईएम को ताजबाग में कोई गतिविधि नहीं करने देंगे। हजरत बाबा ताजुहीन ट्रस्ट के अध्यक्ष प्यारे जिया खान ने कहा कि एआईएमआईएम के नेता, पदाधिकारियों ने ट्रस्ट की जमीन पर पट्टे वितरण को लेकर भ्रम फैलाया है। प्यारे खान ने कहा कि आगे से ट्रस्ट के अधीन ताजबाग परिसर में एआईएमआईएम को किसी भी तरह की गतिविधि नहीं करने दी जाएगी।