- Breaking News, IPL 2026, खेलकुद 

IPL समाचार : गिल की कप्तानी पारी से गुजरात टाइटंस (GT) की ‘शुभमन’ जीत, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए प्लेऑफ की राह मुश्किल

IPL समाचार : शुभमन गिल की कप्तानी पारी और आखिरी ओवरों में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से गुजरात टाइटंस (GT) ने जीत हासिल की। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात को 5 विकेट से जीत मिली। इसी के साथ कोलकाता को लगातार 5 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। कोलकाता अब तक एक भी जीत नहीं दर्ज कर सकी है और उनका एक मैच बारिश की वजह से रद हो गया था।

केकेआर ने कैमरन ग्रीन के 79 रनों की बदौलत पहले बल्लेबाजी करते हुए 180 रन बनाए थे। अहमदाबाद में ये स्कोर काफी कम था और अंत में अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली टीम को हार का सामना करना पड़ा। गुजरात ने लक्ष्य को 19.4 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया और जीत हासिल की। उनकी आईपीएल 2026 में ये लगातार तीसरी जीत है।

कैमरन ग्रीन का आखिरकार चला बल्ला

इससे पहले आईपीएल के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी कैमरन ग्रीन का बल्ला जमकर बोला, लेकिन इसके बावजूद अंतिम ओवरों में कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) की पारी पूरी तरह ढह गई। ग्रीन (79) के अर्धशतक की बदौलत केकेआर की टीम 20 ओवर में 180 रन ही बना सकी, जो अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के हिसाब से बेहद कम माना जाता है। गुजरात के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा (3/29) और मोहम्मद सिराज (2/23) ने नई गेंद से शानदार गेंदबाजी करते हुए शीर्ष क्रम को झकझोर दिया। अशोक शर्मा (2/45) और प्रसिद्ध कृष्णा (1/32) ने भी उनका अच्छा साथ निभाया।

टॉस जीतकर केकेआर ने पहले बल्लेबाजी चुनी और शुरुआत में ही टीम को बड़े झटके लगे जब कप्तान अजिंक्य रहाणे और युवा बल्लेबाज रघुवंशी पहले दो ओवरों में पवेलियन लौट गए। इसके बाद सीजन का पहला मैच खेल रहे टिम सीफर्ट भी कुछ खास योगदान नहीं दे सके और पावरप्ले में तीसरा विकेट गिर गया। हालांकि, इसके बाद पारी को संभालने का काम रोवमैन पॉवेल और कैमरन ग्रीन ने किया।

रोवमैन पॉवेल ने की साझेदारी

प्रमोट होकर ऊपर आए पॉवेल ने आक्रामक अंदाज अपनाया, जिसका असर ग्रीन पर भी दिखा। दोनों ने मिलकर 50 से ज्यादा रन की साझेदारी कर टीम को संभाला और मैच में वापसी कराई। पॉवेल के आउट होने के बाद ग्रीन ने जिम्मेदारी संभाली और शानदार अर्धशतक जड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। लेकिन आखिरी पांच ओवरों में पूरी कहानी बदल गई। ग्रीन को स्ट्राइक कम मिली और दबाव बढ़ता गया। नतीजा यह हुआ कि केकेआर ने महज 33 रन पर छह विकेट गंवा दिए।

कोलकाता के लिए अकेले लड़े ग्रीन

पावरप्ले में तीन विकेट गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने मोर्चा संभाला। उन्होंने शुरुआत में संयम दिखाया और फिर मध्य ओवरों में आक्रामक रुख अपनाते हुए 55 गेंदों में 79 रन बनाए। अपनी इस पारी में ग्रीन ने सात चौके और चार छक्के जड़े। उन्होंने पहले रोवमैन पॉवेल के साथ 55 रन की साझेदारी की और फिर अनुकूल रॉय के साथ 60 रन जोड़कर टीम को संभालने की कोशिश की। ग्रीन ने खासतौर पर राशिद खान के विरुद्ध बेहतरीन बल्लेबाजी की और उन्हें जमकर निशाना बनाया। उन्होंने राशिद के ओवरों में पांच चौके और चार छक्के लगाए, लेकिन अंतत: पारी की आखिरी गेंद पर वही गेंदबाज उन्हें आउट करने में सफल रहा।

गुजरात टाइटंस की शानदार शुरूआत

181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात ने शानदार शुरूआत की। कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन के बीच पहले विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी हुई और सलामी बल्लेबाजों ने ही जीत की नींव रख दी। सुदर्शन 22 रन बनाकर आउट हो गए लेकिन कप्तान गिल क्रीज पर डटे रहे और जोस बटलर के साथ साझेदारी की।

शुभमन गिल ने लगाया अर्धशतक

गिल ने आईपीएल 2026 में लगातार तीसरा अर्धशतक लगाया। इससे पहले उन्होंने दिल्ली (70) और लखनऊ के खिलाफ (56) फिफ्टी लगाई थी। उन्होंने मैच में 50 गेंदों पर 86 रनों की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। गिल के अलावा अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। जोस बटलर ने 25 रन बनाए। वॉशिंगटन सुंदर भी 13 रन बनाकर आउट हो गए। 

गुजरात ने जीता मैच

कप्तान गिल के आउट होने के बाद ग्लेन फिलिप्स और राहुल तेवतिया ने मोर्चा संभाला। गुजरात को आखिरी ओवर में जीत के लिए 5 रनों की दरकार थी और अजिंक्य रहाणे ने गेंद रमनदीप को थमाई। वे कभी-कभी गेंदबाजी करते हैं और ओवर की पहली गेंद पर ही फिलिप्स को मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया। फिलिप्स 19 रन बनाकर आउट हो गए। ऐसा लगा कि जीटी के साथ कोई अनहोनी न हो जाए लेकिन उन्होंने 5 विकेट से जीत हासिल की।