रामटेक समाचार : महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री एवं नागपुर जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर कथित रूप से आपत्तिजनक और भ्रामक वीडियो वायरल होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भाजपा नागपुर जिला ग्रामीण (रामटेक) के उपाध्यक्ष उदयसिंह उर्फ गज्जू यादव ने रामटेक पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत देकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, रामेश्वर शिवाजी दरेकर और रविराज साबळे-पाटील नामक व्यक्तियों ने फेसबुक पर एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें बिना किसी ठोस प्रमाण के मंत्री बावनकुळे के नाम पर बड़ी मात्रा में बेनामी जमीन होने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह वीडियो जानबूझकर उनकी छवि खराब करने और समाज में द्वेष फैलाने के उद्देश्य से बनाया गया है।
आरोप यह भी है कि वीडियो में मंत्री बावनकुळे के परिवार के सदस्यों का अपमानजनक भाषा में उल्लेख किया गया, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। इस मामले में कुछ अन्य लोगों पर भी वीडियो का समर्थन कर समाज में भ्रम और तनाव पैदा करने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं—मानहानि, अपमान, अफवाह फैलाने और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही संबंधित वीडियो को तुरंत सोशल मीडिया से हटाने और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग भी की गई है।
उदयसिंह यादव ने पुलिस प्रशासन से इस गंभीर मामले में त्वरित जांच कर सख्त कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके और किसी भी प्रकार की सामाजिक अशांति को रोका जा सके।




