- Breaking News, PRESS CONFERENCE, नागपुर समाचार

नागपुर/सावनेर समाचार : सावनेर में रामनवमी पर विश्व शांति के लिए होगी विश्वविक्रमी महाआरती, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस रहेंगे उपस्थित

नागपुर/सावनेर समाचार : रामनवमी के पावन अवसर पर सावनेर में विश्व शांति के लिए एक भव्य और ऐतिहासिक आयोजन किया जा रहा है। 26 मार्च को शाम 5:30 बजे नगर परिषद ग्राउंड, सावनेर में हजारों दीपों के साथ सामूहिक महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसकी नोंद गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने का प्रयास किया जाएगा। इस भव्य कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की प्रमुख उपस्थिति रहेगी।

सावनेर-कलमेश्वर क्षेत्र के विधायक डॉ. आशिषराव देशमुख के नेतृत्व में आयोजित इस महाआरती में हजारों श्रद्धालु एक साथ दीप जलाकर आरती करेंगे। इस उपक्रम के माध्यम से Most People Performing Diya Rotation Simultaneously श्रेणी में विश्व रिकॉर्ड बनाने का संकल्प लिया गया है।

उल्लेखनीय है कि 18 अक्टूबर 2025 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में अयोध्या में हजारों दीपों के साथ आरती कर विश्व रिकॉर्ड बनाया गया था। अब सावनेर में उस रिकॉर्ड को तोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम केवल विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए नहीं, बल्कि वर्तमान समय में विश्व के विभिन्न हिस्सों में चल रहे युद्ध और संकट के बीच मानवता के लिए शांति, प्रेम और विकास का संदेश देने का एक प्रयास है। हजारों दीपों की रोशनी से विश्व शांति की प्रार्थना करते हुए सभी धर्म, जाति और विचारधाराओं के लोगों को एकजुट करने का संकल्प लिया गया है।

विधायक डॉ. आशिषराव देशमुख ने नागपुर में आयोजित पत्रकार परिषद में नागरिकों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने और विश्व शांति के इस संकल्प का हिस्सा बनने का आह्वान किया। साथ ही प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों से भी इस ऐतिहासिक आयोजन को व्यापक रूप से प्रसारित करने की अपील की गई है।