नागपुर समाचार : राज्य के मुख्यमंत्री व वित्त मंत्री मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा प्रस्तुत ‘विकसित महाराष्ट्र २०२६’ का बजट महाराष्ट्र को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला ऐतिहासिक दस्तावेज है। यह बजट ‘विकसित भारत २०४७’ के लक्ष्य को साकार करने में राज्य की महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करेगा। यह मत भाजपा शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी ने व्यक्त किये।
उन्होंने कहा कि यह बजट प्रगतिशील, टिकाऊ, समावेशी और सुशासन की झलक प्रस्तुत करता है, जो राज्य को ५ ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाने वाला है। विशेष रूप से नागपुर के आर्थिक विकास को गति देने के लिए ‘नया नागपुर’ के रूप में विश्वस्तरीय व्यापार और वित्तीय केंद्र विकसित करने की घोषणा शहर के गौरव में वृद्धि करने वाली है।
तिवारी ने कहा कि शहर के विस्तार और भविष्य में बढ़ने वाली यातायात समस्या को ध्यान में रखते हुए नागपुर रिंग रोड के निर्माण का निर्णय भी नागपुरवासियों के लिए बड़ी सौगात है। इसके साथ ही नीति आयोग पुणे, नासिक और छत्रपति संभाजीनगर की तर्ज पर नागपुर को ‘ग्रोथ हब’ के रूप में विकसित करने के लिए तैयार किया जाने वाला रोडमैप विदर्भ के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा।
उन्होंने कहा कि शहरों के सतत विकास के लिए ५० से अधिक सुनियोजित शहर समूह विकसित करने और स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं की सेवाओं को १०० प्रतिशत डिजिटल बनाने का निर्णय पारदर्शी प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। झुग्गी पुनर्विकास प्राधिकरण के माध्यम से २० लाख घरों का पुनर्विकास तथा १० लाख किफायती आवास निर्माण की योजना से आम नागरिकों के अपने घर के सपने को साकार करने में मदद मिलेगी।




