- Breaking News, Meeting, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : हर प्रभाग में शुरू करेंगे मनपा का अंग्रेजी स्कूल, नई महापौर नीता ठाकरे का बड़ा संकल्प

नागपुर समाचार : नागपुर महानगरपालिका की नवनियुक्त महापौर नीता ठाकरे ने पदभार ग्रहण करते ही शहर के कायाकल्प के लिए अपना विजन स्पष्ट कर दिया है। पदग्रहण के बाद अपनी पहली ही पत्र-परिषद में उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। निजी अंग्रेजी स्कूलों की बढ़ती फीस और उनके एकाधिकार को खत्म करने के लिए महापौर ने घोषणा की है कि शहर के सभी ३८ प्रभागों में एक-एक मनपा अंग्रेजी स्कूल खोला जाएगा।

वर्तमान में मनपा के पास १३ अंग्रेजी स्कूल हैं। महापौर ने स्पष्ट किया कि अंग्रेजी शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ मराठी स्कूलों की भी पूरी देखभाल की जाएगी और ‘सुपर- ७५’ जैसे कार्यक्रमों को और गति दी जाएगी। पत्र-परिषद में उपमहापौर लीला हाथीबेड और सत्ता पक्ष नेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर उपस्थित थे।

गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के उद्देश्य से महापौर नीता ठाकरे ने १० रुपये में २१ तरह की स्वास्थ्य जांच उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है। इसके अलावा उन्होंने ‘मोतियाबिंद मुक्त शहर’ अभियान को जारी रखने और तिरछेपन की समस्या के लिए मुफ्त सर्जरी की सुविधा देने की जानकारी दी। साथ ही मनपा स्कूलों की छात्राओं को मुफ्त सैनेटरी पैड वितरित किए जाएंगे।