नागपुर समाचार : गोरक्षण सभा, धंतोली तथा रहाटे कॉलनी नागरिक कृती समिति के संयुक्त तत्वावधान में नागपुर में 5, 6 एवं 7 फरवरी 2026 के दौरान विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया है। हिंदू समाज की एकता को सुदृढ़ करना, सनातन संस्कृति का संरक्षण करना तथा भावी पीढ़ी में संस्कारों का संचार करना इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य है।
गुरुवार, 5 फरवरी को प्रातः 8.30 बजे गोरक्षण मंदिर में रक्तदान शिविर के साथ सम्मेलन का शुभारंभ होगा। यह शिविर ठाणे बनता सहकारी बैंक के सहयोग से आयोजित किया गया है। शुक्रवार, 6 फरवरी को प्रातः 8.30 बजे गोरक्षण मंदिर, मोरोपंत पिंगळे कॉम्प्लेक्स से ‘हिंदू जनजागृति स्कूटर रैली’ निकाली जाएगी, जिसका उद्देश्य समाज में जागरूकता और एकता का संदेश देना है। इसी दिन सायं 6 से 10 बजे तक गोरक्षण मंदिर में भजन क्लबिंग का आयोजन किया जाएगा।
सम्मेलन का मुख्य कार्यक्रम शनिवार, 7 फरवरी को सायं 6 से 8 बजे तक न्यू इंग्लिश हाई स्कूल, कांग्रेस नगर मैदान में आयोजित होगा। इस अवसर पर सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के वरिष्ठ अधिवक्ता अॅड. विष्णु शंकर जैन प्रमुख वक्ता के रूप में मार्गदर्शन करेंगे, जबकि संत साहित्य अध्ययन समूह के महाराष्ट्र राज्य संयोजक श्री सुभाषजी लोहे विशेष वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। आयोजकों ने नागरिकों से बड़ी संख्या में सहभागिता की अपील की है।




