IPL समाचार : वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन की शानदार गेंदबाजी के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को हरा दिया है। बल्ले से अंगकृष रघुवंशी और कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कमाल की बल्लेबाजी की और अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
हैदराबाद की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवरों में 165 रन बनाए थे। इसके जवाब में 166 रनों के लक्ष्य को कोलकाता ने 3 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इसी के साथ हैदराबाद की लगातार 5 जीत का सिलसिला भी तोड़ दिया। तो वहीं केकेआर ने लगातार तीसरी जीत हासिल कर ली है।

ट्रेविस हेड की शानदार बल्लेबाजी
कोलकाता के खिलाफ मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। इसके बाद ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने अपने चिर-परिचित अंदाज में शुरुआत की। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी हुई। अभिषेक 15 रन बनाकर आउट हो गए लेकिन हेड ने आक्रामण जारी रखा। हेड ने मुकाबले में 22 गेंदों पर अपनी फिफ्टी भी पूरी कर ली। ईशान किशन उनका जमकर साथ दे रहे थे।
पहले 10 ओवरों में हैदराबाद की टीम मुकाबले में आगे चल रही थी और उन्होंने 9 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 105 रन बना लिए थे। हेड 28 गेंदों पर 61 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें वरुण चक्रवर्ती ने मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया। इसके बाद से ही कोलकाता के स्पिनर्स ने मैच पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया। चक्रवर्ती और सुनील नरेन ने किफायती गेंदबाजी की।
नरेन-चक्रवर्ती के आगे हैदराबाद के बल्लेबाज पस्त
10 ओवरों के बाद नरेन और चक्रवर्ती ने अपनी स्पिन का जाल बिछाया। दोनों ने शानदार गेंदबाजी की और हैदराबाद की बल्लेबाजी अचानक से ताश के पत्तों की तरह ढह गई। हेड के अलावा ईशान ने 42 रनों की पारी खेली। इन दोनों के अलावा कोई भी अन्य बल्लेबाज 20 रनों के आंकड़े को भी नहीं छू सका और इसी वजह से हैदराबाद की टीम 19 ओवरों में 165 रनों पर सिमट गई। कोलकाता के लिए चक्रवर्ती ने 3, नरेन ने 2 और कार्तिक त्यागी ने भी 2 विकेट चटकाए।
सुनील नरेन के 200 विकेट पूरे
हैदराबाद के खिलाफ नरेन ने आईपीएल में इतिहास रच दिया। उन्होंने इस मुकाबले में पहला विकेट लेते ही अपने आईपीएल करियर में 200 विकेट पूरे कर लिए। वे आईपीएल में 200 विकेट लेने वाले पहले विदेशी गेंदबाज बन गए हैं। इसके अलावा वे आईपीएल में 200 विकेट लेने वाले मात्र तीसरे गेंदबाज हैं। उनसे पहले युजवेंद्र चहल और भुवनेश्वकर कुमार ये कारनामा कर चुके हैं।
कोलकाता की शानदार शुरुआत
कोलकाता ने इस मुकाबले के लिए अपनी सलामी जोड़ी में बदलाव किया। कप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ फिन एलन को टीम में शामिल किया। इससे पहले फिन की जगह टिम सीफर्ट पारी की शुरुआत करते थे लेकिन वे अपना प्रभाव नहीं छोड़ सके। हैदराबाद के 166 रनों के लक्ष्य के जवाब में कोलकाता की शुरुआत अच्छी रही और पहले विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि, एलन को 29 रनों के स्कोर पर पैट कमिंस ने मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया।
अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी की बल्लेबाजी
फिन एलन के रूप में पहला विकेट गंवाने के बाद कोलकाता के लिए कप्तान अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी ने मोर्चा संभाला। रघुवंशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। रहाणे फिफ्टी लगाने से चूक गए और वे 36 गेंदों पर 43 रन बनाकर आउट हो गए। रहाणे ने रघुवंशी के साथ मिलकर 84 रनों की साझेदारी की। उनके बाद रघुवंशी भी 59 रन बनाकर आउट हो गए।
कोलकाता ने जीता मुकाबला
रघुवंशी के आउट होने के बाद कोलकाता के लिए रिंकू सिंह ने मोर्चा संभाला। रिंकू ने 11 गेंदों पर नाबाद 22 रनों की पारी खेली। कैमरन ग्रीन भी 3 रन बनाकर नाबाद रहे। इसी के साथ कोलकाता ने लगातार तीसरी जीत हासिल की। रहाणे की अगुवाई वाली टीम ने इसी के साथ हैदराबाद से अपना बदला भी पूरा कर लिया, जहां उन्हें ईडन गार्डन में एसआरएच के खिलाफ हार मिली थी।




