- Breaking News, IPL 2026, खेलकुद 

IPL समाचार : मिचेल मार्श 111 रन की तूफानी पारी खेली, लगातार 6 हार के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को मिली जीत, रॉयल्स चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 9 रनों से हराया

IPL समाचार : इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में लखनऊ सुपर जायंट्स तीसरी बार 200 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही है। वैसे तो एलएसजी प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है, लेकिन गुरुवार को अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विरुद्ध मिशेल मार्श (111) की तूफानी पारी ने स्थानीय दर्शकों को पहली बार झूमने का अवसर दिया।

मार्श की धमाकेदार बल्लेबाजी के दम पर लखनऊ ने बारिश से बाधित मैच में 19 ओवर में तीन विकेट खोकर 209 रन बनाए, पर डकवर्थ लुईस नियम के तहत आरसीबी को जीत के लिए 19 ओवर में 213 रन बनाने थे। जवाब में आरसीबी 19 ओवर में 6 विकेट खोकर 203 रन ही बना सकी।

लखनऊ ने 9 रन से यह मैच जीता। लगातार 6 हार के बीच लखनऊ को जीत मिली। मौजूदा सीजन में लखनऊ की यह तीसरी जीत है। इतना ही नहीं लखनऊ ने करीब 1 महीने बाद जीत का स्‍वाद चखा है। इससे पहले लीग के 15वें मैच में 9 अप्रैल को एलएसजी ने कोलकाता नाइट राइडर्स को मात दी थी। 

विराट कोहली का नहीं खुला खाता

213 रन चेज करने उतरी आरसीबी की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्‍लेबाज रन नहीं बना पाएं। पहले ओवर में मोहम्‍मद शमी ने जैकब बैथल (4) का शिकार किया। अगले ही ओवर में प्रिंस यादव ने विराट कोहली (0) को बोल्‍ड किया। इसके बाद देवदत्‍त पडिक्‍कल ने कप्‍तान रजत पाटीदा के साथ मिलकर 95 रनों की साझेदारी की।

11वें ओवर में प्रिंंस ने आरसीबी को 2 झटके दिए। उन्‍होंने पहली गेंद पर पडिक्‍कल (34) और 5वीं गेंद पर जितेश शर्मा (1) का विकेट चटकाया। अगले ही ओवर में शाहबाज अहमद ने कप्‍तान रजत पाटीदार को एडेन मार्करम के हाथों कैच आउट कराया। पाटीदार ने 31 गेंदों पर 61 रन की पारी खेली।

राठी ने किया 19वां ओवर

इसके बाद क्रुणाल पांड्या को रोमारियो शेफर्ड का साथ मिला। दोनों ने रन गति पर ब्रेक नहीं लगने दिया। आखिरी ओवर में आरसीबी को जीत के लिए 20 रच चाहिए थे। ऋषभ पंत ने यह ओवर दिग्‍वेश राठी को थमाया। राठी ने 19वें ओवर में 10 रन ही दिए। क्रुणाल 28 और रोमारियो 23 रन बनाकर नाबाद रहे।

रजत पाटीदार ने जीता टॉस

इसके पहले आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया, लेकिन एलएसजी के बल्लेबाजों खासकर मार्श ने इस निर्णय को गलत साबित किया। लखनऊ ने सीजन में दूसरी बार पावरप्ले में 10 रन प्रति ओवर से अधिक के औसत से रन बनाए। इसके पहले टीम ने मुंबई के विरुद्ध छह ओवर में 90 रन जोड़े थे।

इस मुकाबले में मार्श के साथ साथ युवा बल्लेबाज अर्शिन कुलकर्णी (17) बतौर ओपनर उतरे। दोनों बल्लेबाजों ने पावरप्ले में बिना कोई विकेट गंवाए 68 रन बनाकर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। इसी बीच, मार्श ने सिर्फ 20 गेंदों पर तीन चौके व पांच छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया।

कुलकर्णी और मार्श ने पहले विकेट के लिए 9.2 ओवर में 95 रन जोड़े। पिछले मैच में 21 गेंदों पर 63 रन बनाने वाले निकोलस पूरन ने यहां भी अपनी लय बरकरार रखी और 23 गेंदों पर चार चौके व एक छक्के की मदद से शानदार 38 रन बनाए। मिचेल ने दूसरे विकेट के लिए भी महत्वपूर्ण 70 रनों की साझेदारी।

मार्श ने लगातार दूसरे सीजन जड़ा शतक

क्रीज पर जम चुके मिशेल मार्श ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने भुवनेश्वर कुमार के अलावा किसी भी बल्लेबाज को नहीं बख्शा। जोश हेजलवुड के एक ओवर में लगातार तीन छक्के जड़कर यह संदेश दिया कि वह इस मुकाबले में कुछ बड़ा करने के इरादे से उतरें हैं।

मिचेल ने पहले अर्धशतक और उसके बाद महज 50 गेंदों पर नौ चौके व आठ छक्कों के सहारे लगातार दूसरे साल अपना शतक भी पूरा किया। दूसरी ओर, कप्तान ऋषभ पंत ने भी शानदार पारी खेली। हालांकि, उन्हें सिर्फ 10 गेंदें खेलने को मिलीं, लेकिन इस दौरान बाएं हाथ के बल्लेबाज अपने चिर-परिचित अंदाज में दिखे। उन्होंने 32 रनों की नाबाद पारी में चार चौके व दो छक्के जड़े।

बारिश से एक घंटा 25 मिनट का खेल बाधित

बारिश के चलते तीन बार मैच को रोकना पड़ा। पहली बार एलएसजी की पारी के दूसरे ओवर में 10 मिनट का मैच बाधित हुआ, जबकि दूसरी बार नौवें ओवर में वर्षा शुरू हुई, जिससे 38 मिनट तक खेल रुका रहा। आखिरी बार 14 ओवर के बाद एक बार फिर से बारिश शुरू हो गई। इस बार मैच शुरू होने में 37 मिनट का समय लगा। इस तरह से एलएसजी की पारी के दौरान कुल एक घंटा 25 मिनट तक मैच बाधित रहा। बार-बार बारिश के चलते मैच में एक ओवर घटाना पड़ा।