नागपुर समाचार : नागपुर महानगरपालिका की ओर से महाराष्ट्र शासन से प्राप्त विशेष अनुदान के अंतर्गत प्रभाग क्रमांक 12 में अमरावती रोड से अंतरराष्ट्रीय कृषि कन्वेंशन सेंटर, वायुसेना गेट से दाभा रिंग रोड तक सीमेंट सड़क के निर्माण कार्य का भूमिपूजन केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी के हस्ते किया गया।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती मायाताई ईवनाते, विधायक श्री विकास ठाकरे, विधायक डॉ. परिणय फुके, उपमहापौर श्रीमती लीला हातिबेड, विपक्ष नेता श्री संजय महाकालकर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं मनपा अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में बोलते हुए सांसद श्रीमती मायाताई ईवनाते ने कहा कि दाभा क्षेत्र के नागरिकों की यह सीमेंट सड़क बनाने की मांग कई वर्षों से लंबित थी। इस कार्य को मंजूरी मिलने से नागरिकों की मांग पूरी होने पर खुशी है।
कार्यक्रम का प्रस्तावना क्रीड़ा विशेष समिति की सभापति श्रीमती दर्शना धवड ने किया। उन्होंने बताया कि अमरावती रोड से अंतरराष्ट्रीय कृषि कन्वेंशन सेंटर वायुसेना गेट तक लगभग 730 मीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। सड़क के दोनों ओर 1.50 मीटर चौड़े फुटपाथ और वर्षा जल निकासी के लिए नालियों का भी निर्माण होगा। कुल 18 मीटर चौड़ी इस सड़क के निर्माण पर लगभग 5 करोड़ रुपये का खर्च अपेक्षित है।
इस दौरान पूर्व महापौर श्री दयाशंकर तिवारी ने कहा कि यह सड़क स्मार्ट रोड के रूप में विकसित की जाएगी। यहां बनने वाले अंतरराष्ट्रीय कृषि कन्वेंशन सेंटर के कारण देश-विदेश से आने वाले लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रिचा सुगंध ने किया तथा आभार नगरसेवक श्री विक्रम ग्वालबंसी ने व्यक्त किया।




