नागपुर समाचार : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की संकल्पना से शुरू हुआ देश का पहला सांसद क्रीड़ा महोत्सव इस वर्ष अपने आठवें संस्करण के साथ 31 मई से 7 जून 2026 तक नागपुर शहर में आयोजित किया जाएगा। इसकी जानकारी महोत्सव के संयोजक विधायक संदीप जोशी ने गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। इस अवसर पर श्री सुधीर दिवे तथा सहसंयोजक डॉ. पियूष आंबुलकर भी उपस्थित थे।
हर वर्ष यह महोत्सव नागपुर शहर, जिले और महाराष्ट्र में बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया जाता रहा है। हालांकि इस वर्ष शहर में बढ़ते तापमान को देखते हुए क्रीड़ा गतिविधियों की निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से महोत्सव को केवल नागपुर शहर के खिलाड़ियों तक सीमित रखने का निर्णय लिया गया है।

महोत्सव के अंतर्गत इस बार कुल 18 खेलों को शामिल किया गया है, जिनकी प्रतियोगिताएं शहर के लगभग 20 मैदानों पर आयोजित की जाएंगी। खास बात यह है कि सभी मैदानी प्रतियोगिताएं रात के समय आयोजित की जाएंगी, जिससे खिलाड़ियों को गर्मी से राहत मिल सके।
इस क्रीड़ा महोत्सव के लिए कुल 57 लाख 63 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। विजेताओं को ट्रॉफी और पदक भी प्रदान किए जाएंगे।
महोत्सव में कुश्ती, मैराथन, खो-खो, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, कबड्डी, स्विमिंग, बास्केटबॉल, शतरंज, कैरम, हैंडबॉल, योगासन, जिम्नास्टिक्स, स्केटिंग, टेबल टेनिस और सॉफ्टबॉल सहित विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
महोत्सव के सफल आयोजन के लिए डॉ. पियूष आंबुलकर, डॉ. पद्माकर चारमोडे, सचिन देशमुख, अशफाक शेख, डॉ. विवेक अवसरे, डॉ. संभाजी भोसले, अमित संपत, नागेश सहारे, नवनीत तुली, सचिन माथने, विशाल लोखंडे, संदेश खरे, लक्ष्मीकांत किरपाने, धनंजय उपासनी, सतीश वडे, सुनील मानेकर, डॉ. सौरभ मोहोड, प्रकाश चंद्रायाण और नीरज दोन्तुलवार सहसंयोजक के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।




