IPL समाचार : दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पंजाब किंग्स ने रिकॉर्ड रन चेज कर दिया है। दिल्ली ने पंजाब के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 264 रनों का स्कोर खड़ा किया था। पंजाब ने इसे हासिल कर लिया और आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज कर डाला। उन्होंने अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ा है। इससे पहले आईपीएल में सबसे बड़ा रन चेज करने का रिकॉर्ड भी पंजाब के नाम पर दर्ज था।
पंजाब ने रिकॉर्ड चेज को 7 गेंद शेष रहते ही अंजाम दिया। दिल्ली के लिए केएल राहुल ने शतक लगाया था और ऐतिहासिक पारी खेली थी लेकिन पंजाब ने उनकी इस पारी पर पानी फेर दिया। पंजाब के लिए प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर ने कमाल की पारी खेली। इसी वजह से पंजाब की टीम इतिहास रचने में कामयाब रही और उन्होंने रिकॉर्ड रन चेज कर दिया।

पंजाब ने किया रिकॉर्ड रन चेज
पंजाब ने दिल्ली के खिलाफ 18.5 ओवरों में 265 रनों के लक्ष्य को हासिल किया। ये आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा चेज है। इससे पहले भी ये रिकॉर्ड पंजाब के नाम पर ही दर्ज था। पीबीकेएस ने आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 262 रनों का चेज किया था। अब पंजाब ने अपने उसी रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
पंजाब ने जीता मुकाबला
दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। इसके बाद केएल राहुल के 152 रनों की बदौलत दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट के नुकसान पर 264 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस स्कोर को देखते हुए ऐसा लग रहा था कि दिल्ली मुकाबले में जीत हासिल कर लेगी पंजाब ने कुछ अलग कर दिखाया।
पंजाब ने 265 रनों के लक्ष्य को 18.5 ओवरों में हासिल कर लिया और जीत हासिल की। पंजाब के लिए सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या ने शानदार शुरुआत की। दोनों ने पावरप्ले में ही 116 रन ठोक डाले थे। प्रियांश ने 17 गेंदों पर 43 रनों की पारी खेली, जबकि प्रभसिमरन ने 76 रन बनाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने कप्तानी पारी खेलते हुए नाबाद 71 रन बनाए और अपनी टीम को जीत दिलाई। पंजाब ने मुकाबले में 6 विकेट से जीत हासिल की।




