- Breaking News, PRESS CONFERENCE, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : आश्रिता महिला मंडल का रजत महोत्सव 5 जुलाई को, अभिनेत्री रेणुका शहाणे होंगी मुख्य अतिथि

संस्था के 25 वर्षों की सेवा यात्रा को समर्पित होगा विशेष आयोजन

नागपुर समाचार : नागपुर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था आश्रिता महिला मंडल ने अपनी स्थापना के गौरवपूर्ण 25 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। इस अवसर को विशेष रूप से मनाते हुए संस्था द्वारा “रजत महोत्सव समारोह” का आयोजन 5 जुलाई 2025, शनिवार को किया जा रहा है। यह आयोजन सायं 5 बजे से 8 बजे तक, होटल अशोक, आठ रास्ता चौक, लक्ष्मीनगर में संपन्न होगा।

इस भव्य समारोह की मुख्य अतिथि प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री श्रीमती रेणुका शहाणे होंगी, जो अपने सादगीपूर्ण व्यक्तित्व और सशक्त अभिनय के लिए पूरे देश में जानी जाती हैं। आयोजन को और भी रोचक बनाने हेतु नागपुर की वरिष्ठ नाटककार एवं निर्देशक श्रीमती प्रभा ताई देउस्कर द्वारा मुख्य अतिथि का आत्मीय साक्षात्कार लिया जाएगा, जो आयोजन की विशेष आकर्षण रहेगा।

संस्था की सचिव ने बताया कि पिछले 25 वर्षों से “सेवा ही परम धर्म” के मूल मंत्र को लेकर संस्था समाज के विविध क्षेत्रों में सेवा कार्य कर रही है। चाहे वह महिला सशक्तिकरण हो, जनकल्याण के उपक्रम हों या सनातन संस्कृति का संवर्धन – संस्था की भूमिका सदैव अग्रणी रही है।

रजत महोत्सव के उपलक्ष्य में नागपुर की उन विशिष्ट महिलाओं को “रजत गर्विता सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने विज्ञान, शिक्षा, रक्षा विभाग जैसे विविध क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और प्रावीण्यता सिद्ध की है। साथ ही, संस्था के उन वरिष्ठ सदस्यों को भी सम्मानित किया जाएगा जो इसकी स्थापना के दिन से जुड़कर इसकी नींव को सशक्त बनाने में योगदान दे रहे हैं।

इस अवसर पर संस्था की गतिविधियों में आर्थिक रूप से विशेष सहयोग करने वाले सदस्यों का भी अभिनंदन सत्कारमूर्ति के रूप में किया जाएगा।

संस्था द्वारा सभी नागपुरवासियों, शुभचिंतकों एवं समाजसेवी वर्ग को इस आयोजन में उपस्थित होकर इस गौरवपूर्ण पल का साक्षी बनने हेतु आमंत्रित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *