नागपुर समाचार : जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने खरीफ की समीक्षा बैठक में जिले के किसानों को समय पर खाद व बीज उपलब्ध कराने के लिए नियोजन करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने नकली बीज व खाद की बिक्री को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने और ऐसे विक्रेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
खरीफ फसल की समीक्षा बैठक जिला नियोजन भवन में आयोजित की गई थी जिसमें उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में कृषि विभाग के अधिकारी रवींद्र मनोहरे, डॉ. अर्चना कडू, उपविभागीय कृषि अधिकारी, तहसील कृषि अधिकारी तथा संबंधित विभागों के प्रमुख उपस्थित थे।
नकली बीजों की जांच और खाद की बिक्री सुचारु रखने के लिए तहसील स्तर पर फ्लाइंग स्क्वॉड गठित करने के साथ ही पात्र किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ अवश्य मिले, यह सुनिश्चित करने का निर्देश उन्होंने दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में संसाधनों की कमी नहीं है और यहां के किसान प्रगतिशील हैं, इसलिए कृषि विभाग को कृषि विकास के लिए अल्पकालीन और दीर्घकालीन योजनाओं पर ध्यान देना चाहिए। जहां भी बीज या कीटनाशकों को लेकर शिकायत मिले वहां तुरंत जांच कर कार्रवाई की जाए।




