प्रेरणा देगा भारत दुर्गा मंदिर शिलान्यास अवसर पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा
नागपुर समाचार : मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट परिसर में भारत दुर्गा मंदिर का निर्माण किया जा रहा है. यह शक्ति की प्रतिमा देशभर में नवचेतना जागृत कर हम सभी को प्रेरणा देगी. वे डॉ. आबाजी थत्ते सेवा एवं अनुसंधान संस्था की ओर से बनाए जाने वाले भारत दुर्गा मंदिर के शिलान्यास समारोह में बोल रहे थे. मंदिर का शिलान्यास सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के हाथों किया गया जिसके बाद धर्म सभा का आयोजन भी किया गया.

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, राज्य मंत्री आशीष जायसवाल, महापौर नीता ठाकरे, धर्माचार्य श्रीकाष्णि पीठाधीश्वर श्री गुरुशरणानंद महाराज, श्री जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज, स्वामी गोविंददेव गिरी महाराज, चिन्मय मिशन के स्वामी मित्रानंद महाराज, साध्वी ऋतंभरा देवी, बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, डॉ. आबाजी थत्ते सेवा एवं अनुसंधान संस्था के अध्यक्ष एड. सुनील मनोहर, सचिव शैलेश जोगलेकर, उपाध्यक्ष अजय संचेती, कोषाध्यक्ष आनंद औरंगाबादकर आदि उपस्थित थे.

भारत निर्माण का होगा प्रेरणास्रोत : गडकरी
केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि भारत दुर्गा मंदिर का आज का शिलान्यास समारोह अत्यंत आनंद का क्षण है. ग है. इससे नवभारत निर्माण की प्रेरणा मिलेगी. नागपुर देश के मध्य में स्थित है, इसलिए यह स्थान अनेक लोगों के लिए पहुंचने में सुविधाजनक और प्रेरणादायी सिद्ध होगा. उन्होंने कहा कि इस मंदिर के निर्माण से सभी को अच्छे कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी. इससे मिलने वाली वैचारिक प्रेरणा अधिक महत्वपूर्ण सिद्ध होगी.
स्व. मोरोपंत पिंगले की संकल्पना : भागवत
सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा कि भारत माता की पूजा केवल मंदिर में नहीं बल्कि हर जगह और सभी को करनी होगी. इसके लिए हम सबको भारत बनना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि सबसे पहले हमें सच्चे भारत को जानना होगा. इसके लिए भारत को देखने की पाश्चात्य दृष्टि त्यागनी होगी. भारत माता के मंदिर की कल्पना सबसे पहले स्वर्गीय मोरोपंत पिंगले ने रखी थी. उसी संकल्पना को भारत दुर्गा मंदिर के रूप में आगे बढ़ाया गया है. कार्यक्रम का प्रास्ताविक संस्था के सचिव शैलेश जोगलेकर और संचालन आशुतोष अडोनी ने किया.
केवल शक्ति नहीं भक्ति की भी प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है. आज 2 शिलान्यास कार्यक्रम हुए हैं. इसके अंतर्गत नेशनल हेल्थ केयर इंस्टीट्यूट और भारत दुर्गा मंदिर का निर्माण किया जाएगा. भारत दुर्गा मंदिर की प्रतिमा नवचेतना देगी और प्रेरणा प्रदान करेगी. यह केवल शक्ति ही नहीं बल्कि भक्ति की भी प्रेरणा बनेगी. इंस्टीट्यूट के संदर्भ में कहा कि गरीबों तक कैंसर के गुणवत्तापूर्ण उपचार और सेवाएं पहुंचाना ही एनसीआई का उद्देश्य था. इसी उद्देश्य से इसकी स्थापना हुई. अब इसी परिसर में मंदिर का निर्माण भी किया जाएगा. आज जिसका शिलान्यास हुआ वह नेशनल हेल्थ केयर इंस्टीट्यूट कॉरपोरेट अस्पताल के स्तर का होगा.




