IPL समाचार : रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय की शानदार बल्लेबाजी के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने आईपीएल 2026 में अपनी पहली जीत दर्ज की। ईडन गार्डन में खेले गए रोमांचक मुकाबले में रिंकू ने केकेआर की लड़खड़ाती पारी को सहारा दिया और अर्धशतक लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। रिंकू का रॉय ने भी भरपूर सहारा दिया और जीत में अहम भूमिका निभाई।
राजस्थान रॉयल्स (RR) ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए थे। 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर ने इसे 19.4 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया और 4 विकेट से जीत दर्ज की। रिंकू सिंह ने 34 गेंदों पर नाबाद 53 रनों की पारी खेली। तो वहीं अनुकूल 16 गेंदों पर 29 रन बनाकर नाबाद रहे। इसी के साथ कोलकाता ने सीजन की पहली जीत हासिल की है।

यशस्वी जायसवाल-वैभव सूर्यवंशी की शानदार शुरूआत
राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। इसके बाद उनके सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने उनके फैसले को सही साबित किया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी हुई। वैभव ने 28 गेंदों पर 46 रनों की पारी खेली। तो वहीं जयासवाल 39 रन बनाकर आउट हुए। पहला विकेट गिरने के बाद ही राजस्थान की बल्लेबाजी ढह गई।
राजस्थान के मिडिल ऑर्डर का फ्लॉप शो
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ राजस्थान का फ्लॉप शो जारी है। सलामी बल्लेबाजों के 81 रनों की साझेदारी के बाद टीम ने लगातार विकेट गंवाए और कोलकाता के गेंदबाजों ने शिकंजा कस लिया। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए। कप्तान रियान पराग का इस सीजन अब तक बल्ला नहीं चला है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 20 रन रहा है, जो उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ बनाया था।
वरुण चक्रवर्ती और कार्तिक त्यागी का चक्रव्यूह
राजस्थान के बल्लेबजों को वरुण चक्रवर्ती और कार्तिक त्यागी ने बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। आईपीएल के शुरूआती मैचों में संघर्ष कर रहे चक्रवर्ती ने मैच में कमाल की गेंदबाजी की और 3 विकेट हासिल किए। दूसरी तरफ कार्तिक त्यागी भी शानदार रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 22 रन खर्च किए और 3 विकेट अपने नाम किए। त्यागी ने एक ही ओवर में 3 बल्लेबाजों का शिकार किया, जहां उन्होंने शिमरन हेटमायर, रवींद्र जडेजा और रवि विश्नोई को पवेलियन भेजा। इन दोनों के अलावा सुनील नरेन की भी कमाल की गेंदबाजी रही, जिन्हें दो सफलता मिली।
कोलकाता की खराब शुरूआत
राजस्थान के 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरूआत अच्छी नहीं रही। उन्होंने पारी की पहली गेंद पर ही टिम सीफर्ट के रूप में पहला विकेट गंवा दिया था। इसके बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे भी अपना खाता नहीं खोल सके और जीरो पर आउट हो गए। इससे पहले भी वे गुजरात के खिलाफ भी डक का शिकार बने थे। कोलकाता ने 37 रनों के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिया था। इसके बाद 70 रनों पर आधी टीम पवेलियन लौट गई।
रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय की साझेदारी
कोलकाता ने 85 रनों के स्कोर पर 6 विकेट गंवा दिए थे। ऐसा लग रहा था कि केकेआर मुकाबले में काफी पीछे हो गई है लेकिन उन्होंने वापसी की। रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय के बीच सातवें विकेट के लिए 18वें ओवर तक 32 गेंदों पर 50 रनों की साझेदारी पूरी कर डाली। इससे कोलकाता ने मैच में वापसी की।
कोलकाता नाइट राइडर्स ने जीता मुकाबला
कोलकाता को आखिरी दो ओवरों में जीत के लिए 21 रनों की दरकार थी। राजस्थान के लिए 19वें ओवर में गेंदबाजी करने के लिए तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर आए। उन्होंने इसमें 12 रन खर्चे और रहाणे एंड कंपनी को लास्ट ओवर में जीत के लिए 9 रनों की जरूरत थी। राजस्थान के लिए 20वें ओवर में बृजेश शर्मा गेंदबाजी करने के लिए आए और दो गेंदों पर रिंकू ने चौका लगाया। इसके बाद चौथी गेंद पर छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया और कोलकाता को 4 विकेट से जीत दिलाई।




