- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपूर समाचार : अग्निशमन को और सक्षम बनाएंगे, महापौर की मौजूदगी में राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस का आयोजन

नागपुर समाचार : महापौर नीता ठाकरे ने कहा कि शहर के बढ़ते विस्तार को देखते हुए २२ अग्निशमन केंद्रों का मास्टर प्लान तैयार किया गया है। साथ ही विभाग को मजबूत बनाने के लिए मानव संसाधन की भर्ती की जाएगी। शहर के विस्तार और नागरिकों की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए, शहर की सुरक्षा के लिए अग्निशमन सेवा को और अधिक सक्षम बनाया जाएगा। वे मनपा मुख्यालय में राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थितों को संबोधित कर रही थीं।

कार्यक्रम में उपमहापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी वखरे, विपक्ष नेता संजय महाकालकर, मनपा आयुक्त डॉ. विपिनि इटनकर, अतिरिक्त आयुक्त वैष्णवी बी, अंकित, उपायुक्त मंगेश खवले, निर्भय जैन, अशोक गराटे, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तुषार बारहाते आदि उपस्थित थे। इस अवसर पर महापौर ठाकरे ने सर्वप्रथम जन सुरक्षा के लिए सेवा देते हुए शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम से पहले महापौर नीता ठाकरे और मनपा आयुक्त विपिन इटनकर ने डॉ. बाबासाहब आंबेडकर की जयंती के अवसर पर मनपा मुख्यालय में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर आदरांजलि दी। इसके बाद शहीद अग्निशमन जवानों की स्मृति में पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें सम्मान दिया गया और अग्निशमन विभाग की परेड का निरीक्षण किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री तुषार बारहाते के नेतृत्व में अग्निशमन दल के जवानों ने आपातकालीन स्थितियों से निपटने के विभिन्न मॉक ड्रिल किए गए। इस अवसर पर अग्निशमन विभाग द्वारा तैयार की गई एक फिल्म भी दिखाई गई, जिसमें राष्ट्रीय और शहर के शहीद जवानों के अद्वितीय साहस को दर्शाया गया।

रोमांचक प्रदर्शन ने खींचा ध्यान कार्यक्रम में

टैक्टिकल मिडले ड्रिल, टीटीएल ड्रिल, ऑयल फायर ड्रिल, विभिन्न शाखाओं का जेट डेमोंस्ट्रेशन तथा ३२ मीटर हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म ड्रिल का आयोजन किया गया। बैंड का संचालन प्रकाश कलसिया ने किया।

शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त अग्निशमन सेवा में

कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए गुलाबराव कावले, प्रभु कुहीकर और रमेश ठाकरे के परिवारों का मनपा की ओर से शाल, सम्मान चिह्न और तुलसी का पौधा देकर सम्मान किया गया। इस दौरान शहीद गुलाबराव कावले के पुत्र शैलेश कावले, प्रभु कुहीकर की पत्नी चंद्रिका कुहीकर और रमेश ठाकरे की पत्नी शांताबाई ठाकरे ने सम्मान स्वीकार किया।

जवानों का सम्मान

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को महापौर नीता ठाकरे के हाथों सम्मानित किया गया। इनमें अकलीम शेख, सुरेश बिनेकर, राजू पवार, योगेश खोडके, राजेश कारमोरे, सुरेश आत्राम, रवींद्र – मसरकोल्हे, दिनेश देवकते, गौरव शंकर कांबले, बबन जाधव, नीलेश देठे, सौरभ चौधरी, अजय ठवकर, रिंकू – कुहीकर का समावेश था।