- Breaking News, Meeting, नागपुर समाचार, मनपा

नागपूर समाचार : स्वच्छता में ‘टॉप-१०’ में लाने का लक्ष्य, मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर ने दिया सख्त निर्देश

नागपुर समाचार : स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान २०२५ २६ के तहत ‘स्ट्रैटेजिक रोडमैप फॉर सिटी एक्सीलेंस’ को लेकर महानगरपालिका आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर ने सोमवार को जिला नियोजन भवन में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इसमें उन्होंने अधिकारियों को नागपुर को स्वच्छता के मामले में देश के शीर्ष १० (टॉप १०) शहरों में शामिल करने और स्वच्छता रैंकिंग में सुधार के लिए हरसंभव कदम उठाने का सख्त निर्देश दिया।

बैठक में अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत, मुख्य अभियंता मनोज तालेवार, घनकचरा प्रबंधन विभाग के उपायुक्त राजेश भगत, उपायुक्त मिलिंद मेश्राम और गणेश राठौड़ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और सभी जोनों के सहायक आयुक्त उपस्थित थे। बैठक के दौरान आयुक्त को कचरा पृथक्करण (सेग्रीगेशन), संकलन, डंपिंग यार्ड में कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण, सीवेज प्रबंधन, आरआरआर केंद्र और शहर की ओडीएफ व जीएफसी रैंकिंग की विस्तृत जानकारी दी गई।

बंद होंगे २१७ कचरा पॉइंट्स, शिकायत के लिए मिलेगा ‘क्यूआर कोड’

शहर के ४४६ कचरा पॉइंट्स का वर्गीकरण किया जाएगा जिनमें से २१७ पॉइंट्स को स्थायी रूप से बंद करने के लिए उपाय किए जाएंगे। इन स्थानों के सौंदर्याकरण के लिए आर्किटेक्चर के छात्रों और नागरिकों की मदद ली जाएगी तथा जोन के अनुसार प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सबसे अधिक कचरा फेंके जाने वाले मार्केट क्षेत्रों में ‘सी-बिजिल’ एप की तर्ज पर शिकायत दर्ज करने के लिए नागरिकों को हजारों स्थानों पर ‘क्यूआर कोड’ उपलब्ध कराए जाएंगे।

कचरा ट्रांसफर सेंटर्स का होगा विकास

शहर में मौजूद १९ स्मार्ट और ९२ सार्वजनिक शौचालयों के स्थानों पर बीओटी के आधार पर दुकानें शुरू करने की संभावना तलाशने को कहा गया है। नागरिकों की सुविधा के लिए शहर में सार्वजनिक शौचालयों की संख्या बढ़ाने और इसके लिए नई जगहें खोजने के भी निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, विभिन्न जोनों में बनने वाले कचरा ट्रांसफर सेंटर्स पर बड़े शेड लगाकर उनका सौंदर्याकरण करने और विज्ञापनों के जरिए मनपा की आय बढ़ाने का सुझाव भी आयुक्त ने दिया है।

दुकानों और होटलों के लिए कचरा पृथक्करण होगा अनिवार्य

मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर ने मार्केट क्षेत्र की दुकानों और बड़े होटलों के लिए कचरे को अलग-अलग करना अनिवार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी दुकानदार सड़क पर कचरा नहीं फेंकेगा। इसे सुनिश्चित करने के लिए एक सख्त परिपत्रक निकाला जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर मार्केट एसोसिएशन से चर्चा कर दुकानों में ‘४ डस्टबिन’ रखना अनिवार्य किया जाएगा। सड़क किनारे लगने वाले ठेले और चाइनीज गाड़ीयों द्वारा गंदगी फैलाने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें दुकान लगाने से भी रोका जा सकता है।

बनेंगे ‘हेल्थ कार्ड

स्वच्छता में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए आईईसी गतिविधियों और नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही कर्मचारियों के हित को ध्यान में रखते हुए आयुक्त ने मनपा के सभी सफाई कर्मचारियों व अन्य कर्मियों की नियमित स्वास्थ्य जांच कराकर उनके हेल्थ कार्ड बनाने का भी आदेश दिया है।