नागपुर समाचार : महानगर के ऐतिहासिक राजाबाक्षा हनुमान मंदिर से निकलने वाली 29वीं श्री हनुमान जन्मोत्सव शोभायात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इस वर्ष शोभायात्रा को और अधिक भव्य एवं विशाल स्वरूप देने का विशेष प्रयास किया जा रहा है। आयोजन समिति के मुख्य संयोजक एवं अध्यक्ष अधिवक्ता आचार्य विवेक तिवारी के मार्गदर्शन में शहरभर के श्रद्धालु एवं विभिन्न संस्थाएं इस आयोजन को सफल बनाने में जुटी हुई हैं।
इस बार शोभायात्रा में 70 से 80 आकर्षक झांकियों के शामिल होने की संभावना है, जिनमें धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संदेशों का समावेश होगा। विशेष आकर्षण के रूप में “हनुमान चालीसा पाठ झांकी” तैयार की गई है, जिसमें पूरे मार्ग पर लाइव हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। इस झांकी के माध्यम से श्रद्धालु भी चलते-चलते सामूहिक पाठ में सहभागिता कर सकेंगे।

शोभायात्रा में अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों एवं कंपनियों का सहयोग प्राप्त हो रहा है। विभिन्न झांकियों के प्रयोजन में कॉन्फिडेंस ग्रुप, गो गैस, आर्यस हॉस्पिटल, आरबी हार्डवेयर, प्लास्टो, वंदन लॉन, विध्यवासिनी लॉन, संगम स्वीट्स, सुपर इलेक्ट्रिकल्स, पांडव ग्रुप सहित कई प्रमुख नाम शामिल हैं। इसके साथ ही शहर के जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का भी आयोजन को व्यापक समर्थन मिल रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत 1 अप्रैल से हनुमान चालीसा के अखंड पाठ के साथ होगी, जो अगले दिन जन्म आरती तक निरंतर जारी रहेगा। 2 अप्रैल को सायंकाल 5:30 बजे मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के मंत्री देवेंद्र फडणवीस एवं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की उपस्थिति में भगवान की महाआरती के पश्चात शोभायात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी एवं महापौर सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
शोभायात्रा का मार्ग राजाबाक्षा हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौकों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में ही समाप्त होगा। पूरे मार्ग में आकर्षक झांकियों, भक्ति संगीत एवं धार्मिक वातावरण के बीच वानर एवं भालू स्वरूप धारण किए कलाकार भी श्रद्धालुओं का मन मोहेंगे।
आयोजन को सफल बनाने हेतु अभिषेक तिवारी, वेदांत तिवारी, रचित झुनझुनवाला, हर्षल कुंड, प्रभात तिवारी, दादू गुर्जर, डॉ. हरीश पुरोहित, विजय पुरोहित, महेश बाहेती, प्रशांति ताईवाड़े, सुभाष शर्मा, प्रथम पखोडे, विघ्नेश बिलसे सहित अनेक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शोभायात्रा को सफल बनाने की अपील की है।




