नागपुर समाचार : नागपुर में सिनेमा प्रेमियों के लिए एक बड़ा सांस्कृतिक आयोजन होने जा रहा है। नागपुर चलचित्र फाउंडेशन द्वारा राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय तथा महाराष्ट्र चित्रपट, रंगभूमि और सांस्कृतिक विकास महामंडल के सहयोग से 27, 28 और 29 मार्च 2026 को नागपुर फिल्म फेस्टिवल का दूसरा संस्करण आयोजित किया जाएगा। यह महोत्सव विश्वविद्यालय के जमनालाल बजाज परिसर में आयोजित होगा।
तीन दिवसीय इस महोत्सव में कुल 189 शॉर्ट फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी, जिनका कुल रनटाइम लगभग 50 घंटे से अधिक है। देशभर से प्राप्त 304 फिल्मों में से इनका चयन किया गया है। इस बार 141 नए फिल्म निर्माताओं ने भी भाग लिया है, जो इस फेस्टिवल की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। फिल्मों को शौकिया, पेशेवर, एआई आधारित, एनीमेशन और रील/वर्टिकल जैसी पांच श्रेणियों में शामिल किया गया है।
फेस्टिवल के दौरान 6 मास्टरक्लास आयोजित किए जाएंगे, जिनमें संवाद लेखन, संगीत संयोजन, कहानी लेखन, विज्ञापन कला, स्क्रिप्ट राइटिंग और फिल्म एडिटिंग जैसे विषय शामिल हैं। इसके साथ ही ‘कंटेंट का सफर’ और ‘सिनेमा के पीछे की महिलाएं’ विषयों पर दो पैनल चर्चाएं भी होंगी। 27 मार्च को एआई फिल्म मेकिंग वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह में अभिनेता रणदीप हुड्डा, राज्य मंत्री आशीष जायसवाल तथा विश्वविद्यालय की कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर उपस्थित रहेंगे। समापन समारोह में फिल्म निर्देशक ओम राउत सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे, जहां विजेता फिल्मों को कुल 2.5 लाख रुपये के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
यह फेस्टिवल सभी दर्शकों के लिए निःशुल्क खुला है। आयोजकों ने नागरिकों, विद्यार्थियों और सिनेमा प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।




