- Breaking News, उद्घाटन, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : 2 कोयला गैसीकरण प्रोजेक्ट का भूमिपूजन, 10,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश

नागपुर समाचार : केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ चंद्रपुर में दो कोयला गैसीकरण परियोजनाओं का भूमि पूजन किया. जिन दो कोयला गैसीकरण परियोजनाओं के लिए भूमि पूजन समारोह का आयोजन किया गया, वे भारत सरकार की योजना के अंतर्गत वित्तीय प्रोत्साहन के लिए चयनित सात परियोजनाओं में शामिल हैं. इन दो परियोजनाओं में से एक ग्रेटा एनर्जी द्वारा गैसीकरण प्रौद्योगिकी पर आधारित एकीकृत इस्पात संयंत्र है जिसे लगभग 130 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है. यह 0.4 मीट्रिक टन प्रति वर्ष की स्वतंत्र एकीकृत इस्पात संयंत्र (आईएसपी) और 1490 टन प्रतिदिन की क्षमता वाला कार्बन – कैप्चर, यूटिलाइजेशन और स्टोरेज – (सीसीयूएस) है. एकीकृत इस्पात परिसर में एक कोयला गैसीकरण द्वीप शामिल होगा जो स्पंज आयरन (डीआरआई) उत्पादन के लिए कोयला आधारित सिंथेटिक गैस का उत्पादन करेगा.

दूसरी परियोजना न्यू एरा क्लीनटेक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित एक एकीकृत कोयला गैसीकरण एवं स्वच्छ ईंधन परियोजना है. यह परियोजना घरेलू कोयले को उर्वरक, खनन, वस्त्र एवं पैकेजिंग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उपयोग होने वाले महत्वपूर्ण औद्योगिक रसायनों और ईंधनों में परिवर्तित करेगी. परियोजना की शुरुआत होने के बाद इससे प्रति वर्ष 25 लाख मीट्रिक टन से अधिक कोयले का प्रसंस्करण होने की उम्मीद है.

10,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश

उन्होंने कहा कि स्वीकृत 7 कोयला गैसीकरण परियोजनाओं में से 4 महाराष्ट्र में आ रही हैं. कोयला गैसीकरण से आयात में कमी, विदेशी मुद्रा की बचत एवं औद्योगिक आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी. इन दोनों परियोजनाओं में 10,000 करोड़ रुपये से ज्यादा निवेश किया जा रहा है. रेड्डी ने कहा कि इन परियोजनाओं से 2,000 से ज्यादा प्रत्यक्ष रोजगार और पांच गुना अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है. रेड्डी ने आशा व्यक्त किया कि ये परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में उत्पादन शुरू करेंगी और जिम्मेदार खनन तथा स्वच्छ कोयला प्रौद्योगिकियों के लिए एक नया मानक स्थापित करेंगी.