- Breaking News, नागपुर समाचार, प्रतिक्रिया

नागपूर समाचार : बजट में विकास का नया रोड मैप – महापौर नीता ठाकरे

नागपूर समाचार : बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए महापौर नीता ठाकरे ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस द्वारा विधानमंडल में पेश किए गए राज्य के बजट में नागपुर के भविष्य को संवारने और ‘विकसित नागपुर २०४७’ के सपने को साकार करने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। इससे शहर के विकास को एक नई गति मिलेगी।

बजट में नागपुर के बढ़ते विस्तार को देखते हुए एक नए रिंग रोड को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही शहर की आर्थिक प्रगति के लिए ‘नया नागपुर’ बसाने का संकल्प लिया गया है। मुंबई, ठाणे और पुणे की तर्ज पर नागपुर को एक ‘ग्रोथ हब’ के रूप में विकसित करने के लिए नीति आयोग एक विस्तृत रोडमैप तैयार करेगा।

डिजिटल युग की जरूरतों को देखते हुए नागपुर में डाटा सेंटर स्थापित करने की घोषणा की गई है, जिससे स्थानीय आईटी क्षेत्र के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा, प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए नागपुर में राज्य आपदा प्रबंधन संस्थान की स्थापना की जाएगी।

महापौर ने महिला कल्याण के लिए की गई घोषणाओं की भी सराहना की। बजट के अनुसार ‘लाडकी बहिन योजना’ जारी रहेगी और राज्य की २५ लाख महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है।