जनता के विश्वास को नहीं टूटने देने का दिया आश्वासन
नागपुर समाचार : महानगरपालिका में नई स्थानीय सरकार के कार्यकाल की सोमवार को औपचारिक शुरुआत हुई. नवनिर्वाचित महापौर नीता ठाकरे, उपमहापौर लीला हाथीबेड और सभागृह में सत्तापक्ष नेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर ने पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की प्रमुख उपस्थिति में पदभार ग्रहण किया. इस दौरान ‘विकसित नागपुर’ के निर्माण का संकल्प लिया गया.

मनपा मुख्यालय की प्रशासनिक इमारत में हुए भव्य समारोह में राजस्व मंत्री एवं पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, विधायक कृष्णा खोपड़े, मोहन मते, भाजपा शहर अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर दयाशंकर तिवारी, पूर्व सांसद अजय संचेती, राज्य सफाई कामगार कल्याण मंडल के अध्यक्ष सतीश डागोर, पूर्व विधायक अनिल सोले, विकास कुंभारे, डॉ. मिलिंद माने, मनपा की अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत, वैष्णवी बी, पूर्व महापौर माया इवनाते, अर्चना डेहनकर, संजय भेंडे, बंटी कुकड़े, जयप्रकाश गुप्ता, राजेश बागड़ी, वीरेंद्र कुकरेजा, विजय झलके सहित भाजपा पदाधिकारी, नगरसेवक उपस्थित थे.

नीता ठाकरे ने कहा कि महापौर पद के साथ शहर के विकास की बड़ी जिम्मेदारी है. जनता ने जो विश्वास दिखाया है, उसे टूटने नहीं दिया जाएगा. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में नागपुर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयास किए जाएंगे. सत्तापक्ष नेता बाल्या बोरकर ने प्रशासन और पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर शहर के विकास को गति देने का संकल्प व्यक्त किया.
जनता के पैसे की लूट रुके : विकास ठाकरे
मनपा आम नागरिकों से टैक्स वसूलती है. इससे जनता को बेहतर गुणवत्ता की बुनियादी सुविधाएं देना मनपा की जिम्मेदारी है. लेकिन पिछले कुछ वर्षों में मनपा में निजी एजेंसियों के माध्यम से स्वजाने की लूट शुरु है. कचरा संग्रहण करने वाली एजी एनवायरो, बीवीजी, पानी की आपूर्ति करने वाली ओसीडब्ल्यू कंपनी हो या मनपा को सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने वाली कंपनियां सभी ने लूट मचाई है. आम जनता के पैसे की यह लूट बंद होनी चाहिए.
विकसित नागपुर का संकल्प करें : बावनकुले
चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि पदग्रहण समारोह लोकतंत्र को मजबूत करने वाला है. अब जनता की आशाओं और अपेक्षाओं को पूरा करने की जिम्मेदारी पदाधिकारियों की है. नवनिर्वाचित पदाधिकारी और नगरसेवक मतदाताओं के प्रति निष्ठावान रहकर काम करें. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में नागपुर शहर विकास के नए चरण की ओर बढ़ रहा है. वर्ष 2047 तक विकसित नागपुर के निर्माण का संकल्प लेकर चुनावी वादों को पूरा करें.

मनमाने कामकाज पर रोक लगाने का वादा महाकालकर ने संभाला विपक्ष के नेता का पदभार
मनपा में विपक्ष के नेता संजय महाकालकर ने सोमवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष विधायक विकास ठाकरे, उद्धव सेना गुट के नेता किशोर कुमेरिया, विधायक अधि. अभिजीत वंजारी, गिरीश पांडव, अतुल कोटेचा, विशाल मुत्तेमवार, उमाकांत अग्निहोत्री, प्रशांत धवड की उपस्थिति में पदभार ग्रहण किया. उन्होंने कहा कि मनपा में केवल विरोध के लिए विरोध नहीं किया जाएगा, लेकिन जनता के सवालों के लिए आवाज उठाई जाएगी और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जरूरत पड़ने पर आंदोलन भी किया जाएगा. यदि सत्ताधारी गलत काम करेंगे तो विपक्ष के नेता के रूप में उन पर अंकुश लगाने का काम किया जाएगा.




