नागपुर समाचार : तमाम राजनीतिक जानकारों के अनुमानों को लगभग दरकिनार करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने नागपुर महानगरपालिका संभालने वाले पदाधिकारियों की नई टीम लगभग तय कर ली है और इस टीम के नाम अधिकृत रूप से आगामी २ फरवरी को घोषित होंगे। विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण नागपुर से निर्वाचित भाजपा नगरसेवक सौ. नीता ठाकरे नागपुर की अगली महापौर होंगी जबकि उपमहापौर पद पर मध्य नागपुर से निर्वाचित भाजपा नगरसेवक एड. संजय बालपांडे का नाम सामने आ रहा है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस के निर्वाचन क्षेत्र दक्षिण-पश्चिम से निर्वाचित युवा नगरसेविका शिवानी दाणी को मनपा की तिजोरी की चावी सौंपने का फैसला होने की जानकारी है जबकि सर्वाधिक २५ नगरसेवक चुनकर देनेवाले विधायक कृष्णा खोपड़े के पूर्व नागपुर निर्वाचन क्षेत्र से लगातार चौथी बार निर्वाचित वरिष्ठ नगरसेवक नरेंद्र उर्फ बाल्या बोरकर का सत्ता पक्ष नेता बनना तय माना जा रहा है। अंतिम समय में इन नामों में परिवर्तन भी हो सकता है।
रजवाड़ा पैलेस में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले तथा सभी भाजपा विधायकों की प्रमुख मौजूदगी में चल रही भाजपा के नवनिर्वाचित नगरसेवकों की बैठक से “नागपुर बाजार पत्रिका” को छन-छन कर मिल रहीं खबरों के अनुसार महापौर पद के लिए नीता ठाकरे का नाम फाइनल हो गया है। इसके लिए युवा शिवानी दाणी का नाम महापैर पद के ड्रा के बाद से ही उछल रहा था लेकिन भाजपा नेताओं ने अनुभवी नीता ठाकरे के नाम पर मुहर लगा दी है। आश्चर्यजनक रूप से युवा शिवानी के हाथ में मनपा की तिजोरी की चाबी सौंपी जा रही है। उन्हें स्थायी समिति सभापति बनाने का निर्णय होने की जानकारी है।
उपमहापौर पद के लिए विधायक प्रवीण दटके के निर्वाचन क्षेत्र मध्य नागपुर से निर्वाचित नगरसेवक एड. संजय बालपांडे का नाम सामने आया है जबकि सूत्रों ने बताया कि एड. बालपांडे यह पद स्वीकार करने में आनाकानी कर सकते हैं। पूर्व नागपुर से इस बार भी सर्वाधिक २५ भाजपा नगरसेवक चुने गए हैं और ऐसे में पूर्व को ‘मालदार’ पद मिलने की संभावना जताई जा रही थी लेकिन पूर्व नागपुर के बाल्या बोरकर के सामने सत्ता पक्ष नेता का ऑफर रख दिया गया। अब वरिष्ठ भाजपा नेताओं के आदेश पर इच्छा नहीं होते हुए भी नगरसेवकों को जो पद मिला, उसे स्वीकार करना ही पड़ेगा।
खाली रहा उत्तर नागपुर
महत्वपूर्ण मनपा पदाधिकारियों के चयन में इस बार उत्तर नागपुर के हाथ खाली रहना तय हो चुका है। अब उत्तर नागपुर के भाजपा नगरसेवकों में से किसी को परिवहन, स्वास्थ्य आदि समिति का सभापति ही बनाया जा सकता है। महापौर पद के लिए विक्की कुकरेजा का नाम काफी पहले से लिया जा रहा था लेकिन महापौर पद की लाटरी महिला उम्मीदवार के नाम निकल गई। कुकरेजा एक बार स्थायी समिति सभापति रह चुके हैं। पूर्व नागपुर के नगरसेवकों को महत्वपूर्ण समिति का का सभापति पद दिया जा सकता है।
५ वर्ष में ४ महिलाएं बनेंगी महापौर
बैठक में यह तय हुआ कि महापौर-उपमहापौर का कार्यकाल सवा-सवा वर्ष का रहेगा। इस हिसाब से ५ वर्ष में मनपा को ४ महिला महापौर तथा ४ उपमहापौर मिलेंगे। स्थायी समिति सभापति तथा सत्ता पक्ष नेता का कार्यकाल १-१ वर्ष का रहेगा। इस हिसाब से ५ वर्ष में ५ स्थायी समिति सभापति तथा ५ सत्ता पक्ष नेता मिलेंगे।




