नागपुर समाचार : नागपुर इस वर्ष मराठी रंगभूमि के एक भव्य और प्रतिष्ठित आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है। राज्य की सबसे सम्मानित और सर्वाधिक पुरस्कार राशि वाली ‘मुख्यमंत्री महाकरंडक राज्यस्तरीय एकांकिका प्रतियोगिता 2025’ का आयोजन 22 से 27 नवंबर के बीच किया जाएगा। यह जानकारी विधान परिषद सदस्य संदीप जोशी ने पत्रकार परिषद में दी। यह प्रतियोगिता श्री सिद्धिविनायक सेवा ट्रस्ट, मोहगांव (झिल्पी) की ओर से आयोजित की जा रही है, जिसकी संकल्पना स्वयं संदीप जोशी की है।
22 नवंबर को ‘द फोक आख्यान’ से उद्घाटन
प्रतियोगिता का शुभारंभ 22 नवंबर को शाम 6 बजे राम गणेश गडकरी रंगमंच, लक्ष्मीनगर में होगा। उद्घाटन समारोह में पहली बार विदर्भ में लोकसंगीत और लोकनृत्य का भव्य प्रदर्शन ‘द फोक आख्यान’ प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें रंग, ताल और लोकपरंपरा का अनोखा संगम देखने मिलेगा।

श्रेष्ठ एकांकी मंचित होंगी
प्रतियोगिता में अगस्त 2023 से सितंबर 2025 के बीच राज्य की विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम या द्वितीय स्थान प्राप्त एकांकियों को शामिल किया गया है। लगभग 25 उच्चस्तरीय मराठी एकांकियों के मंचन का लक्ष्य रखा गया है। 23 नवंबर से प्रतियोगिता साइंटिफिक सभागृह, आठ रस्ता चौक में प्रतिदिन आयोजित होगी। राज्य के श्रेष्ठ दल, अनुभवी परीक्षक और कलाकार इस सांस्कृतिक उत्सव को विशेष बनाने वाले हैं।
27 नवंबर को पद्मश्री अशोक सराफ का नागरी सत्कार
समापन समारोह 27 नवंबर को पुरुषोत्तम दारव्हेकर रंगमंच, लक्ष्मीनगर में होगा। इस अवसर पर प्रसिद्ध अभिनेता पद्मश्री अशोक सराफ का नागरिक सम्मान किया जाएगा। अभिनेता पुष्कर श्रोत्री द्वारा ‘फक्त… अशोक मामा’ शीर्षक से उनका विशेष साक्षात्कार भी प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
भव्य पुरस्कार राशि
प्रथम पुरस्कार ₹1,51,000, द्वितीय ₹1,00,000, तृतीय ₹50,000 तथा दो उत्तेजनार्थ व दो विशेष पुरस्कारों के लिए ₹25,000 तय किए गए हैं। अभिनय, लेखन, दिग्दर्शन, संगीत, वेशभूषा, प्रकाश आदि कई विभागों में व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
प्रवेश निःशुल्क है — पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर।




