- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : हिंदी भाषिक ब्राह्मण विकास संघ, नागपुर द्वारा पत्रकारों का भव्य सत्कार समारोह संपन्न

नागपुर समाचार : हिंदी भाषिक ब्राह्मण विकास संघ, नागपुर द्वारा विदर्भ साहित्य संघ, मोर भवन के सभागृह में दिनांक 9 नवंबर की शाम 6 बजे पत्रकारिता क्षेत्र में सक्रिय पत्रकारों एवं प्रेस फोटोग्राफरों का सम्मान समारोह बड़े ही उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश मिश्र थे, जबकि अध्यक्षता नागपुर के पूर्व महापौर एवं भाजपा शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी ने की। इस अवसर पर मंच पर हिंदी भाषिक ब्राह्मण विकास संघ नागपुर के पदाधिकारी बच्चू पांडेय, श्रीकांत दुबे, विजय तिवारी, आशीष पांडे सहित लखनऊ विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट विभाग के प्रमुख विभुन्न दुबे उपस्थित थे।

कार्यक्रम की प्रस्तावना संघ के अध्यक्ष बच्चू पांडेय ने प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि नागपुर में लगभग 11 लाख हिंदी भाषिक नागरिक निवास करते हैं। वर्ष 2011 से ब्राह्मण विकास संघ द्वारा निरंतर सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं — जिसमें प्रतिवर्ष लगभग 500 छात्रों को शैक्षणिक साहित्य का वितरण, शिक्षकों का सम्मान, एवं कोरोना काल में उल्लेखनीय सेवा कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व महापौर दयाशंकर तिवारी के हाथों उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश मिश्र का शाल, श्रीफल और स्मृतिचिह्न देकर सम्मान किया गया। इसी प्रकार संघ के पदाधिकारियों ने दयाशंकर तिवारी का भी शाल-श्रीफल और स्मृतिचिह्न प्रदान कर सत्कार किया।

अपने मार्गदर्शन में श्री दयाशंकर तिवारी ने कहा कि— “पत्रकार समाज का आईना होते हैं। सामाजिक क्षेत्र में उनका योगदान अतुलनीय है, इसलिए समाज द्वारा पत्रकारों एवं फोटोग्राफरों का सम्मान अत्यंत सराहनीय पहल है।”

मुख्य अतिथि गिरीश मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश सहित देशभर में हिंदी भाषिक समाज के लोगों ने पत्रकारिता, साहित्य, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान दिया है।

समारोह में अनेक पत्रकारों, फोटोग्राफरों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं का सत्कार किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रेमलता तिवारी ने सुचारू रूप से किया। समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकार, साहित्यकार एवं प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की सफलता के लिए हिंदी भाषिक ब्राह्मण विकास संघ, नागपुर के सभी पदाधिकारी एवं सदस्यों ने अथक परिश्रम किया।