नागपुर समाचार : आगामी स्थानीय निकाय चुनाव और महानगर पालिका चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार को भाजपा की पूर्व विदर्भ संगठन की बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण की अध्यक्षता में यह बैठक हुई। बैठक में आगामी चुनावों को में पार्टी को एकजुट करने और मजबूती के साथ उतरने का मंत्र दिया।
महाराष्ट्र में जल्द ही स्थानीय निकाय और महानगर पालिका चुनाव होने वाले हैं, जिसके साथ ही नागपुर विभाग स्नातक चुनाव भी होंगे। इन चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा ने अपने संगठन को मजबूत करने का काम शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को शहर में भाजपा की नागपुर विभाग संगठनात्मक बैठक हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पार्टी के तमाम मंत्री, विधायक, पूर्व विधायक, शहर और जिला अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में चव्हाण ने आगामी चुनावों में एकजुटता के साथ उतरने का आह्वान किया।
उन्होंने सभी नेताओं से पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर काम करने और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुँचाने का निर्देश दिया। चव्हाण ने खास तौर पर राज्य सरकार द्वारा दिए गए मराठा आरक्षण और केंद्र-राज्य की अन्य योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुँचाने पर जोर दिया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनावों के लिए रणनीति तैयार करना और संगठन में समन्वय स्थापित करना था।




