- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार :पूर्व नागपुर NIT कार्यालय में मनसे का काला प्रदर्शन

अभियंता पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर पोती कालिख

नागपुर समाचार : नागपुर में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को बड़ा हंगामा किया। उन्होंने नागपुर सुधार प्रन्यास (नासुप्र) के पूर्व नागपुर कार्यालय में घुसकर स्थापत्य अभियांत्रिकी सहाय्यक सुरेश चव्हाण के चेहरे पर काली स्याही पोत दी। 

मनसे का आरोप है कि 2014 में एनआयटी में नियुक्ति के बाद से ही सुरेश चव्हाण पर रिश्वतखोरी और जनहित के कामों में गड़बड़ी के आरोप लगते रहे हैं। बताया गया है कि चव्हाण पर पट्टा मंजूरी के लिए 25 हजार रुपये और डिमांड नोट जारी करने के लिए 12 लाख रुपये की मांग करने जैसे आरोप हैं। इतना ही नहीं, 2023 में मनसे नेता संदीप देशपांडे के नेतृत्व में एनआयटी कार्यालय के समक्ष एक भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चा भी निकाला गया था, जिसमें एनआयटी प्रशासन को चव्हाण सहित कई अधिकारियों के खिलाफ दस्तावेजी सबूत सौंपे गए थे।

इसके बाद प्रशासन ने चव्हाण का तबादला दक्षिण नागपुर विभाग में किया था, लेकिन हाल ही में उन्हें पुनः पूर्व विभाग में नियुक्त कर दिया गया। मनसे का कहना है कि सुरेश चव्हाण के खिलाफ विभागीय जांच अब भी जारी है, इसके बावजूद उन्हें पहले जैसी ज़िम्मेदारियों के साथ दोबारा उसी क्षेत्र में भेजा जाना दर्शाता है कि एनआयटी प्रशासन भ्रष्टाचारियों को संरक्षण दे रहा है।

इसी नाराजगी के चलते गुरुवार को मनसे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए चव्हाण को काले रंग से पोता और हार पहनाकर विरोध दर्ज किया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जबकि एनआयटी प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *