चंद्रपुर समाचार : चंद्रपुर जिले की सिंदेवाही तहसील में बाघिन के हमले में तीन महिलाओं की मौत हो गई। यह घटना मेंढा-माल गांव के पास जंगल में घटी। मृतक महिलाएं जंगल में तेंदू पत्ता तोड़ने गईं थी, इसी दौरान यह घटना हुई। यह तीनों महिलाएं एक ही परिवार की थीं।
शनिवार की सुबह गांव की कुछ महिलाएं तेंदू पत्ता तोड़ने के लिए जंगल गई थीं। जब तीनों महिलाएं दोपहर तक वापस नहीं लौटीं तो वन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें ढूंढने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान जंगल में महिलाओं के शव पाए गए। मृतकों में कांता बुधाजी चौधरी (65), शुभांगी मनोज चौधरी (28) और रेखा शालिक शेंडे (50) शामिल हैं, जो सभी मेंढा-माल के निवासी हैं।
वन विभाग ने घटनास्थल का पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिंदेवाही भेज दिया है। हमलावर बाघिन का पता लगाने के लिए जंगल में तत्काल कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं। इस घटना से क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त हो गया है तथा स्थानीय नागरिकों में काफी डर फैल गया है।