IPL समाचार : मुंबई इंडियंस ने रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 176 रन बनाए, इसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने 26 गेंद शेष रहते मैच अपने नाम किया। मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 15.4 ओवर में एक विकेट खोकर 177 रन बनाए। मुंबई की ओर से रोहित शर्मा ने नाबाद 76 और सूर्यकुमार ने नाबाद 68 रन बनाए। चेन्नई के लिए जडेजा ने एक विकेट लिया।
177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी हुई। रिकल्टन 19 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हुए। रोहित शर्मा 45 गेंद में 76 रन और सूर्यकुमार 30 गेंद में 68 रन बनाकर नाबाद लौटे।
इससे पहले वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 176 रन बनाए। चेन्नई की ओर से शिवम दूबे और रविंद्र जडेजा ने अर्धशतक लगाया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को चौथे ओवर में पहला झटका लगा। रचिन 9 गेंद में पांच रन बनाकर आउट हुए। अश्विनी ने उन्हें आउट किया। दीपक चाहर ने आयुष म्हात्रे को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
उन्होंने 15 गेंद में 32 रन ठोके। रशीद 20 गेंद में 19 रन ही बना सके। शिवम दुबे 32 गेंद में 50 रन बनाकर आउट हुए। बुमराह ने उन्हें आउट किया। दुबे और जडेजा के बीच चौथे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी हुई। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एमएस धोनी 6 गेंद में 4 रन ही बना सके। मुंबई इंडियंस के लिए जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में 25 रन देकर दो विकेट झटके। दीपक चाहर, अश्विनी कुमार और मिचेल सेंटनर को एक एक विकेट मिला।