नागपुर समाचार : नवीन कामठी पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले आवंढी गांव के पास राजमार्ग पर गिट्टी से भरा ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। ट्रक चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। इस हादसे में ट्रक में बैठे तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई।
हादसे के बाद ग्रामीणों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टर ने बताया कि तीन घायलों में से एक की मौत हो गई। यह घटना आधी रात के आसपास घटी। मृतक मजदूर की पहचान देवलापार निवासी हंसराज बीरू इवानते (30) के रूप में हुई है और अन्य दो घायलों में देवलापार निवासी राहुल उइके (20) और 24 वर्षीय मंगेश उइके शामिल हैं। इस संबंध में आरोपी ट्रक चालक मनीष उइके के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ट्रक चालक तीन मजदूरों को लेकर छह चक्का टाटा ट्रक में गिट्टी लोड कर रहा था। ट्रक चालक वाहन को तेजी व लापरवाही से चला रहा था। इसी के चलते ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। इस गंभीर दुर्घटना में तीन मजदूरों में से एक की मौत हो गई, तथा अन्य दो मजदूर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं और जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच कर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आगे की जांच कर रही है।