मुंबई समाचार : एशिया की सबसे बड़ी झोपड़पट्टी माने जाने वाले धारावी इलाके में एक मस्जिद का अवैध हिस्सा गिराए जाने से जबर्दस्त तनाव व्याप्त हो गया है। इसके विरोध में हजारों लोग सड़क पर उतर आए हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कड़ा पुलिस बंदोबस्त लगाया गया है। कार्रवाई के लिए बीएमसी के दस्ते को लोगों ने रोक लिया है। बीएमसी के वाहन की तोड़फोड़ की गई। माहौल और अधिक खराब होने की आशंका जताई जा रही है।
तनाव के बीच कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात कर चर्चा की तथा कार्रवाई नहीं करने संबंधी पत्र दिया। मुंबई के धारावी में ९० फुट सड़क पर २५ वर्ष पुरानी सुभानिया मस्जिद है। इस मस्जिद को बीएमसी ने अनधिकृत घोषित कर दिया और उसे गिराने के लिए जब बीएमसी का दस्ता पहुंचा तो सैकड़ों लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। इस घटना के विरोध में कल रात से ही स्थानीय निवासी सड़क पर बैठकर आंदोलन कर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि यह मस्जिद काफी पुरानी होने के कारण उसे हटाया नहीं जाना चाहिए। बीएमसी के अधिकारी जब मस्जिद गिराने के लिए पहुंचे तथा आंदोलनकारियों ने उनके वाहन पर पथराव करना शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने आंदोलनकारियों को समझाकर यातायात सुचारु करने की अपील की। कानून- व्यवस्था को बरकरार रखने की अपील कर पथराव नहीं करने की अपील भी की गई। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद आंदोलनकारियों ने एक ओर का यातायात सुचारु किया। आंदोलनकारियों ने मस्जिद को घेर लिया है तथा मस्जिद को क्षति नहीं पहुंचाने की अपील कर रहे हैं।



