- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपूर समाचार : डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों पर चलकर बना रहे विकसित महाराष्ट्र : पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले

नागपुर समाचार : भारत रत्न और संविधान समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर की १३५वीं जयंती के मौके पर पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले दीक्षाभूमि पहुंचे, जहां उन्होंने बाबासाहेब की मूर्ति पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस दौरान पालकमंत्री बावनकुले ने बाबासाहेब के विचारो का अनुसरण करते हुए विकसित महाराष्ट्र के लिए काम करने की बात कही।

डॉ. बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की १३५वीं जयंती पर दीक्षाभूमि पर सुबह से नागरिकों की भीड़ रही। उपराजधानी में भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की १३५वीं जयंती बड़े ही धूमधाम से मनाई जा रही है। सुबह से ही बड़ी संख्या में अनुयाई दीक्षाभूमि पहुंचकर महामानव को अपना नमन कर रहे है।

डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक समिति दीक्षाभूमि नागपुर की ओर से दीक्षाभूमि पर मंगलवार की सुबह ९ बजे बुद्ध वंदना की गई। इसके बाद तथागत गौतम बुद्ध और बाबासाहेब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया।

जिसके बाद मंगलवार को पूरे दिनभर दीक्षाभूमि पर अस्थि दर्शन के लिए अनुयायियों के पहुंचने का सिलसिला चलता रहेगा। इस तरह अनुयायी देर रात १२ बजे दीक्षाभूमि पहुंचते रहेंगे। शाम ६ बजे स्मारक समिति के अध्यक्ष भदंत आर्य नागार्जुन सुरेई ससाई की अध्यक्षता में प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित किया गया है। सोमवार की शाम ७ बजे से ही इंदोरा बुद्ध विहार से रैली निकाली गई।

इसके अलावा कपिल नगर बुद्ध विहार सहित शहर के विभिन्न इलाकों से निकलने वाली रैलियां देर रात तक संविधान चौक पर पहुंचती रही। वहीं कामठी रोड स्थित नागलोक परिसर में भी लाइटिंग की सजावट की गई. इसके साथ शहर के विभिन्न इलाकों के प्रमुख चौराहों पर प्रवेशद्वार तैयार कर सजावट की गई। मध्यरात्रि में भीम सैनिकों का उत्साह चरम पर रहा। महामानव डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की १३५ वीं जयंती की पूर्व संध्या पर इंदोरा बुद्ध विहार से डॉ. आंबेडकर धम्मज्योत रैली की शुरुआत हुई। इससे पहले सामूहिक बुद्धवंदना की गई।

दीक्षाभूमि स्मारक समिति के अध्यक्ष तथा धम्मसेना नायक भदंत आर्य नागार्जुन सुरेई ससाई के हाथों बाबासाहेब की प्रतिमा को पुष्पहार अर्पित किया गया। जिसके बाद भदंत ससाई ने धम्मज्योत प्रज्ज्वलित की। बुद्धवंदना के साथ रैली इंदोरा चौक संविधान चौक पहुंची। वहां भदंत ससाई ने संविधान चौक पर बाबासाहेब की प्रतिमा को पुष्पमाला अर्पित कर अभिवादन किया।

संविधान चौक पर रैली में भंते नागवंश, नागसेन, बुद्धशील, बुद्धदीप, शांत, भीमा बोधी, संघघोष, विनयशील, धम्मशील, अश्वजीत मिलिंद, भिक्षुणी संघप्रिया, नागकन्या धम्मसुधा, किसा गौतमी, पुन्निका, धम्मप्रिया, संघमित्रा, आम्रपाली, मिथिला और इंदोरा बुद्ध विहार समिति ने रैली में सहयोग दिया। शहर के हर बुद्ध विहार से निकली रैलियां रात १२ बजे तक संविधान चौक पर पहुंची। इन रैलियों में हजारों अनुयायी शामिल हुए। अनुयायियों की भीड़ से सड़कें भर गई थीं।