नागपुर समाचार : मराठवाड़ा की प्रख्यात लेखिका श्रीमती दर्शना पळसापुरे द्वारा लिखित पुस्तक “गुंफण” का विमोचन महाराष्ट्र विधानमंडल के नागपुर में आयोजित शीतकालीन अधिवेशन 2025 के दौरान संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाराष्ट्र विधानसभा के माननीय अध्यक्ष श्री राहुल नार्वेकर, माननीय उपाध्यक्ष श्री अण्णा बनसोडे, माननीय पर्यावरण मंत्री श्रीमती पंकजाताई मुंडे, माननीय सहकार मंत्री श्री बाबासाहेब पाटील, माननीय राज्य शिष्टाचार मंत्री श्री जयकुमार रावळ तथा माननीय राज्यमंत्री (सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) श्रीमती मेघनाताई बोर्डीकर के शुभहस्ते पुस्तक का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री राहुल नार्वेकर ने कहा कि “गुंफण” पुस्तक महिला सशक्तिकरण और स्त्री जीवन से जुड़े सामाजिक यथार्थ का सशक्त व गहन चित्रण प्रस्तुत करती है। यह पुस्तक समाज को अधिक जागरूक, संवेदनशील और विवेकशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि पुस्तक में स्त्री के अस्तित्व, भावनात्मक संसार, चुनौतियों और बदलते सामाजिक परिवेश में उसकी भूमिका को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया गया है।
लेखिका श्रीमती दर्शना पळसापुरे विगत कई वर्षों से विभिन्न प्रतिष्ठित मराठी समाचार पत्रों में स्तंभ लेखन के माध्यम से सामाजिक प्रबोधन और जनजागरण का कार्य कर रही हैं। सामाजिक, सांस्कृतिक एवं मानवीय विषयों पर आधारित उनके लेखों को पाठकों से व्यापक सराहना मिली है। उन्हीं चयनित लेखों का यह संकलन “गुंफण” पुस्तक के रूप में प्रकाशित हुआ है।
शब्दों के माध्यम से सामाजिक चेतना और मानवीय संवेदनाओं की सशक्त अभिव्यक्ति करने वाली यह पुस्तक पाठकों को आत्ममंथन के लिए प्रेरित करती है। साहित्यप्रेमियों से “गुंफण” का स्वागत करने का आह्वान किया गया है। यह पुस्तक अब पाठकों के लिए विक्रय हेतु उपलब्ध है।






