IPL समाचार : मुंबई इंडियंस इस मैच से पहले आईपीएल 2025 की अंक तालिका में तीसरे नंबर पर थी। अब राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीत हासिल करने के बाद शीर्ष पर पहुंच गई। उसके अब 11 मैच में 14 अंक हैं। उसका नेट रनरेट 1.274 है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के 10 मैच में 14 अंक हैं, लेकिन उसका नेट रनरेट 0.521 है, इसलिए वह दूसरे स्थान पर खिसक गई।
मुंबई इंडियंस की आईपीएल 2025 में यह लगातार छठी जीत है। आईपीएल के इतिहास में मुंबई इंडियंस की यह तीसरी सबसे बड़ी जीत है। मुंबई इंडियंस ने 2012 के बाद सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीत हासिल की है। मुंबई इंडियंस की ओर से कर्ण शर्मा ने 23 रन पर 3, जसप्रीत बुमराह ने 15 रन पर 2 और ट्रेंट बोल्ट ने 28 रन पर 3 विकेट लिये। दीपक चाहर और हार्दिक पंड्या भी 1-1 विकेट लेने में सफल रहे।
इससे पहले मुंबई इंडियंस के लिए रोहित शर्मा (53 रन, 36 गेंद, 9 चौके) और रयान रिकेल्टन (61 रन, 38 गेंद, 7 चौके, 3 छक्के) ने अर्धशतक लगाये। उनके बाद सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या ने 23-23 गेंद में 48-48 रन की नाबाद पारी खेली। सूर्या ने 4 चौके और 3 छक्के लगाये, जबकि हार्दिक ने 6 चौके और एक छक्का लगाया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 44 गेंद में 94 रन की नाबाद साझेदारी हुई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले के भीतर 47 रन के अंदर 5 विकेट गंवा दिये। पिछले मैच में शतक जड़ने वाले वैभव सूर्यवंशी (00) पारी की चौथी ही गेंद पर दीपक चाहर का शिकार बने। उन्होंने विल जैक्स को कैच थमाया। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (13) ने अगले ओवर में ट्रेंट बोल्ट पर 2 छक्के मारे, लेकिन अगली गेंद पर बोल्ड हो गये।
नितीश राणा (09) भी एक रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे। दीपक चाहर की गेंद पहली स्लिप में रोहित ने उनका कैच टपका दिया। हालांकि, वह जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए और अगले ओवर में ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर तिलक वर्मा को कैच दे बैठे। जसप्रीत बुमराह ने इसके बाद लगातार गेंदों पर रियान पराग (16) और शिमरोन हेटमायर (00) को पवेलियन भेजा। रियान पराग ने मिड विकेट पर रोहित शर्मा को कैच थमाया, जबकि हेटमार गेंद को सूर्यकुमार के हाथों में खेल गये।
राजस्थान रॉयल्स ने पावरप्ले में 5 विकेट पर 62 रन बनाये। शुभम दुबे (15) ने कॉर्बिन बॉश पर चौका और छक्का जड़ा, लेकिन हार्दिक की पहली ही गेंद पर लॉन्ग ऑन पर ट्रेंट बोल्ट को आसान कैच थमा बैठे। ध्रुव जुरेल (11) ने कर्ण शर्मा पर छक्का मारा, लेकिन इसी स्पिनर को वापस कैच देकर पवेलियन लौटे जिससे टीम का स्कोर सात विकेट पर 76 रन हो गया।
कर्ण शर्मा ने इसके बाद महेश तीक्षणा (02) और कुमार कार्तिकेय (02) की पारी का भी अंत किया। जोफ्रा आर्चर ने कॉर्बिन बॉश पर लगातार 2 छक्कों के साथ 13वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया, लेकिन ट्रेंट बोल्ट ने उन्हें जसप्रीत बुमराह के हाथों कैच कराकर मुंबई को जीत दिलाई।
राजस्थान रॉयल्स ने इस मैच के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में 2 बदलाव किया। संदीप शर्मा और वानिंदु हसरंगा की जगह कुमार कार्तिकेय और आकाश मधवाल आखिरी एकादश में शामिल किये गये। मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं हुआ। टॉस के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने कहा था कि वह भी पहले गेंदबाजी करना चाहते थे।