नागपुर समाचार : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर टिप्पणी करना नहीं छोड़ते. उन्होंने अब यह कहकर चिमटी ली है कि उद्धव ठाकरे अब समझ गए होंगे कि कांग्रेस कितनी बेईमान है. कांग्रेस और राकां (एसपी) नहीं चाहतीं कि ठाकरे मुख्यमंत्री बनें.
उन्होंने कहा कि शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे ने कहा था कि अपनी पार्टी बंद कर दूंगा लेकिन कांग्रेस के साथ नहीं जाऊंगा लेकिन उद्धव मुख्यमंत्री बनने के लिए दिल्ली गए थे. वहां राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे से मिले लेकिन काम नहीं बना. शरद पवार ने भी उन्हें सीएम चेहरा पेश करने से मना कर दिया. बावनकुले नागपुर में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे
उन्होंने कहा कि कांग्रेस व शरद पवार ने ठाकरे का जितना उपयोग करना था, वह कर लिया. सीएम कौन होगा, यह घोषणा करनी पड़ेगी. इसलिए मविआ के सम्मेलन बंद हो गए हैं. महाविकास आघाड़ी में असली लड़ाई तो मुख्यमंत्री पद के लिए शुरू है लेकिन महायुति के घटक दल राज्य की 14 करोड़ जनता के कल्याण के लिए सरकार लाने का प्रयास कर रहे हैं.
शाह के दौरे से मिलेगी ऊर्जा
बावनकुले ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 24 व 25 सितंबर को महाराष्ट्र दौरे पर आ रहे हैं. 24 को नागपुर में विदर्भ और संभाजीनगर में मराठवाड़ा के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बैठक करेंगे. 25 को नाशिक में उत्तर महाराष्ट्र व कोल्हापुर में पश्चिम महाराष्ट्र के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद साधेंगे. उनके मार्गदर्शन से आगामी चुनाव के लिए हमें ऊर्जा मिलेगी और हम चुनाव के लिए और जोश व उत्साह के काम पर लगेंगे.



